Health Benefits of Mulberry
Health Benefits of Mulberry
गर्मियों के मौसम में बाजार में तरह-तरह के फल और सब्जियां मौजूद होती हैं, जो न सिर्फ टेस्टी होती हैं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होती हैं. ऐसे ही फलों में एक छोटा, गोल और लाल-काले रंग का फल है, जिसको शहतूत के नाम से जाना जाता है. यह दिखने में भले ही साधारण लगे, लेकिन इसके फायदे काफी खास होते हैं.
शहतूत का सेवन करने से शरीर को कई जरूरी न्यूट्रिएंट्स मिलते हैं, जिससे आप खुद को फिट और स्वस्थ बनाए रख सकते हैं. खास बात ये है कि इसको बाजार से खरीदने की भी जरूरत नहीं, इसके लिए आप इसे सीधा पेड़ से तोड़ कर खा सकते हैं.
शहतूत में मैग्नीशियम, फाइबर, आयरन, कैल्शियम और विटामिन C जैसे कई न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं. इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है. यह फल शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में काफी मददगार होता है.
डाइजेशन सिस्टम रहता है फिट
अगर आपको पाचन से जुड़ी समस्याएं जैसे कब्ज, गैस या पेट में ऐंठन की शिकायत रहती है, तो शहतूत का सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. यह डाइजेशन को बेहतर बनाता है और पेट को साफ रखने में मदद करता है, जिससे आप हल्का और एनर्जेटिक महसूस करते हैं.
दिल और शुगर के मरीजों के लिए तोहफा
शहतूत को रेगुलर बेसिस पर खाने से बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद मिलती है, जिससे दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है. साथ ही, यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद होता है. शहतूत खाने से ब्लड शुगर लेवल भी कंट्रोल में रहता है और टाइप-2 डायबिटीज का रिस्क भी कम होता है.
दिमाग और हड्डियों के लिए भी बेस्ट
शहतूत दिमागी सेहत के लिए भी अच्छा होता है. यह मेमोरी पावर को बढ़ाने में मदद करता है और अल्जाइमर जैसी समस्याओं के खतरे को कम करता है. इसमें मौजूद कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाता है, जिससे बढ़ती उम्र में भी हड्डियां स्वस्थ रहती हैं. साथ ही, यह इम्यूनिटी को भी मजबूत करता है.
इस तरह, शहतूत एक छोटा सा फल होते हुए भी सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. इसे अपनी डाइट में शामिल करके आप कई बीमारियों से बच सकते हैं और एक स्वस्थ जीवन जी सकते हैं.