scorecardresearch

अचानक झड़ने लगे हैं बाल, 'एलोपेशिया एरियाटा' नाम की बीमारी हो सकती कारण... जिसे शरीर खुद ही करता है पैदा

यह ऐसी बीमारी है जिसमें गलती से हेयर फॉलिकल्स को दुश्मन मानकर उसे नुकसान पहुंचाने लगता है. इसके कारण सिर से गोल–गोल पैचेज में बाल झड़ने लगते हैं

Representative Image Representative Image

कभी आपने किसी ऐसे व्यक्ति को देखा है, जिसके सिर या दाढ़ी में एकदम गोल आकार में बाल गायब हों? यह स्थिति अक्सर एलोपेशिया एरियाटा की ओर इशारा करती है. यह एक ऑटोइम्यून हेयर लॉस कंडीशन है, जिसमें शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से बालों की जड़ों को नुकसान पहुंचाने लगता है. इसके कारण सिर, दाढ़ी या अन्य हिस्सों में अचानक पैच के रूप में बाल झड़ जाते हैं.

दैनिक भास्कर में छपि खबर के अनुसार, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ कहता है कि दुनिया की लगभग 2% आबादी को जीवन में कभी न कभी एलोपेशिया का सामना करना पड़ता है. अकेले अमेरिका में ही करीब 68 लाख लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं. यह आंकड़े बताते हैं कि यह बीमारी दुर्लभ नहीं, बल्कि आम है.

सिर्फ बाल झड़ना नहीं, एक ऑटोइम्यून समस्या
एलोपेशिया को केवल कॉस्मेटिक समस्या समझना गलत है. यह एक ऑटोइम्यून डिसऑर्डर है, जिसमें शरीर की रक्षा प्रणाली खुद ही हेयर फॉलिकल्स (बालों की जड़) को दुश्मन मान लेती है. हालांकि इसमें बालों की जड़ पूरी तरह नष्ट नहीं होती, बल्कि अस्थायी रूप से निष्क्रिय हो जाती है. यही वजह है कि सही समय पर इलाज शुरू हो जाए, तो बाल दोबारा उग सकते हैं.

सामान्य गंजेपन से कैसे है अलग?
सामान्य गंजापन आमतौर पर हार्मोनल बदलाव और जेनेटिक कारणों से धीरे-धीरे बढ़ता है. इसमें बाल पतले होते जाते हैं और हेयरलाइन पीछे खिसकने लगती है. वहीं एलोपेशिया में बाल अचानक और गोल पैच में झड़ते हैं. सामान्य गंजेपन में हेयर फॉलिकल्स स्थायी रूप से कमजोर हो जाते हैं, जबकि एलोपेशिया में जड़ जीवित रहती है. यही अंतर दोनों स्थितियों के इलाज और परिणाम को भी अलग बनाता है.

शुरुआती संकेत जिन्हें नजरअंदाज न करें
एलोपेशिया का सबसे पहला लक्षण अचानक बाल झड़ना होता है, खासकर सिक्के के आकार के पैच में. कंघी करते समय या नहाते हुए बाल गुच्छों में गिर सकते हैं. कुछ लोगों को स्कैल्प पर खुजली, हल्की जलन या झुनझुनी महसूस होती है. कई मामलों में नाखूनों पर गड्ढे, खुरदरापन या सफेद धब्बे भी दिख सकते हैं. शुरुआत में दर्द नहीं होता, इसलिए लोग इसे सामान्य हेयर फॉल समझकर टाल देते हैं, जो इलाज में देरी कर सकता है.

एलोपेशिया होने के संभावित कारण
एलोपेशिया का मुख्य कारण इम्यून सिस्टम का असंतुलन है. इसके पीछे कई फैक्टर हो सकते हैं, जैसे जेनेटिक, मानसिक तनाव, वायरल इंफेक्शन, हार्मोनल बदलाव और अन्य ऑटोइम्यून बीमारियां. 

कुछ मामलों में विटामिन-D, आयरन या अन्य पोषक तत्वों की कमी भी ट्रिगर बन सकती है. क्योंकि हर व्यक्ति में कारण अलग हो सकता है, इसलिए सही इलाज के लिए पर्सनल मेडिकल हिस्ट्री और जांच बेहद जरूरी होती है.