What to Eat After Navratri Fasting
What to Eat After Navratri Fasting
नवरात्रि में 9 दिन तक व्रत रखने के बाद अष्टमी या नवमी पर कन्या पूजन के साथ व्रत खोला जाता है. इस दौरान कई लोग फल, दूध, कुट्टू, सिंघाड़े का आटा जैसी चीजें खाते हैं. कुछ लोग दिनभर उपवास भी रखते हैं. ऐसे में व्रत खत्म होने के बाद मनपसंद पकवान खाने का मन करता है. लेकिन अचानक ज्यादा या तला-भुना खाना पेट की परेशानी बढ़ा सकता है.
व्रत के बाद शरीर को सामान्य खानपान पर धीरे-धीरे लौटने का मौका देना चाहिए. शुरुआत हल्के और आसानी से पचने वाले भोजन से करें. इससे पेट को आराम मिलेगा और शरीर को ऊर्जा भी मिलेगी. आइए जानते हैं कि व्रत खोलने के बाद क्या खाना चाहिए और किन चीजों से बचना बेहतर है.
व्रत खोलते ही सबसे पहले शरीर को दें पानी
व्रत के दौरान कम पानी पीने या सीमित भोजन करने से शरीर में पानी और ऊर्जा की कमी हो सकती है. इसलिए व्रत खोलते समय सबसे पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं. एकदम से बहुत ज्यादा पानी पीने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी लेना बेहतर है.
सौंफ, अजवाइन या मेथी का हल्का पानी भी पी सकते हैं. नारियल पानी भी अच्छा विकल्प है. इसमें पानी के साथ कुछ जरूरी तत्व होते हैं, जो शरीर में पानी की कमी दूर करने में मदद करते हैं.
प्रोटीन वाली चीजें भी डाइट में शामिल करें
व्रत के बाद केवल फल, मिठाई या कार्बोहाइड्रेट वाली चीजें खाने के बजाय प्रोटीन वाली चीजें खाएं. प्रोटीन मांसपेशियों को स्वस्थ रखने और शरीर को ऊर्जा देने में मदद करता है.
दही और फलों की स्मूदी: दही में फल मिलाकर हल्की स्मूदी बना सकते हैं. इसमें चीनी डालने से बचें.
दाल या पनीर: थोड़ी मात्रा में दाल या हल्का पका पनीर खा सकते हैं.
अंकुरित अनाज: हल्के मसालों के साथ अंकुरित मूंग खाएं. अगर कच्चे अंकुरित अनाज से पेट में परेशानी होती है, तो इन्हें हल्का पकाकर खाएं.
फल और मेवे: केला, पपीता या दूसरे पसंदीदा फल के साथ थोड़े बादाम या अखरोट ले सकते हैं.
कड़ी चावल: व्रत के बाद आप थोड़ी मात्रा में कड़ी चावल खा सकते हैं. दही से बनी कढ़ी में प्रोटीन और कैल्शियम होता है, जबकि चावल शरीर को ऊर्जा देने के लिए कार्बोहाइड्रेट उपलब्ध कराते हैं. कढ़ी हल्की रखें और उसमें ज्यादा तेल, मिर्च-मसाले या पकौड़े डालने से बचें.
व्रत के बाद पूरी-पकौड़े खाने से बचें
9 दिन तक व्रत करने के बाद अचानक भारी खाना खाने से पेट फूलने, गैस, अपच या बेचैनी जैसी परेशानी हो सकती है. इसलिए शुरुआत में इन चीजों से बचना बेहतर है.
ज्यादा तेल में तली पूरी, पकौड़े और कचौड़ी.
बहुत ज्यादा मिठाई और चीनी वाली चीजें.
चिप्स, नमकीन और दूसरे पैकेट वाले खाद्य पदार्थ.
एक ही बार में जरूरत से ज्यादा खाना.
हल्का भोजन करना ज्यादा जरूरी.
ऐसे सामान्य डाइट पर लौटें
व्रत खोलने के बाद एकदम से भरपेट भोजन करने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाएं. सुबह पानी या नारियल पानी से शुरुआत करें. इसके बाद कुछ मेवे या हल्का नाश्ता लें. दोपहर और रात के खाने में दाल, सब्जी, दही और अपनी भूख के अनुसार रोटी या चावल शामिल कर सकते हैं.