scorecardresearch

हर रात आपके पैर की चढ़ जाती है नस, तो कमी आपके सोने के तरीके में नहीं... आपके शरीर में पोषण की है

अक्सर लोगों के साथ होता है कि रात को वह सो रहे होते हैं, लेकिन अचानक पैर में दर्द से आंख खुल जाती है. बहुत कोशिश के बाद भी यह दर्द जाता नहीं और पैर सीधा नहीं हो पाता. आखिर क्या है इसके पीछे का कारण.

AI Generated Image AI Generated Image

रात में सोते-सोते अचानक कई बार पैरों में तेज ऐंठन हो जाती है. अक्सर लोग इसे नस पर नस चढ़ता कहते हैं. इसमें नींद के बीच अचानक दर्द शुरू हो जाता है और पैर सीधा करना भी मुश्किल हो जाता है. लोगों को लगता है कि यह आम बात है, लेकिन कभी इसके पीछे के कारण के बारे में नहीं सोचते. दरअसल यह शरीर में किसी पोषक तत्व की कमी की तरफ संकेत होता है. 

खासकर विटामिन D की कमी, जो मांसपेशियों की कमजोरी और दर्द का एक बड़ा कारण मानी जाती है. लेकिन, पैरों में ऐंठन के पीछे सिर्फ एक ही वजह नहीं होती, इसलिए सही कारण जानना जरूरी है.

विटामिन D और ऐंठन में कनेक्शन?

विटामिन D शरीर में कैल्शियम को सही तरीके से काम करने में मदद करता है. जब इसकी कमी हो जाती है, तो मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं. इसके कारण पैरों में दर्द, जकड़न और रात के समय ऐंठन की परेशानी हो सकती है. अगर लंबे समय तक शरीर में विटामिन D की कमी बनी रहे, तो हड्डियां भी कमजोर होने लगती हैं.

सिर्फ विटामिन D ही जिम्मेदार नहीं

रात में पैरों में ऐंठन कई बार मैग्नीशियम, कैल्शियम और पोटैशियम जैसे जरूरी मिनरल्स की कमी से भी हो सकती है. ये सभी मांसपेशियों और नसों को सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं. इनके कम होने पर मांसपेशियां अचानक सिकुड़ सकती हैं, जिससे तेज दर्द महसूस होता है.

किन लोगों में ज्यादा होती है यह समस्या?

  • जिन लोगों में विटामिन D की कमी हो.
  • जो पूरे दिन बहुत कम चलते-फिरते हों.
  • ज्यादा मेहनत करने वाले लोग.
  • गर्भवती महिलाएं.
  • बढ़ती उम्र के लोग.
  • शरीर में पानी की कमी रहने वाले लोग.
  • राहत पाने के आसान उपाय

ऐंठन होने पर क्या करें?

अगर रात में अचानक ऐंठन हो जाए, तो घबराएं नहीं. जो पैर ऐंठा है उस पैर को धीरे-धीरे सीधा करें और मांसपेशी को हल्का स्ट्रेच करें. हल्की मालिश करने और गुनगुनी सिकाई से भी आराम मिल सकता है. इस परेशानी को दूर रखने के लिए दिनभर पानी पीना और हल्की एक्सरसाइज करना काफी फायदेमंद माना जाता है.

विटामिन D की कमी कैसे पूरी होगी?

रोज सुबह कुछ समय धूप में बैठना विटामिन D पाने का सबसे आसान तरीका है. इसके अलावा दूध, दही, अंडा, मशरूम और विटामिन D से भरपूर खाने को डाइट में शामिल करें. अगर डॉक्टर जांच के बाद सलाह दें, तभी विटामिन D की दवा या सप्लीमेंट लें. खुद से दवा शुरू करना सही नहीं होता.