भारत की मेजबानी में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन दिल्ली स्थित भारत मंडपम में हो रहा है. ब्रिक्स के मंच से बेहद प्रभावशाली और ऐतिहासिक तस्वीरें सामने आईं हैं. ये तस्वीरें दुनिया को संदेश देने वाली हैं. एक तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक ही फ्रेम में बेहद गर्मजोशी के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं. (सभी फोटोः पीटीआई)
तस्वीर में पीएम मोदी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का हाथ थामे नजर आए. इस दौरान इन तीनों नेताओं में कुछ बातें भी हुई और मुस्कुराते हुए ये नेता आगे बढ़ गए.
भारत मंडपम में मोदी, पुतिन, जिनपिंग और पेजेशकियान की एक साथ मौजूदगी को केवल एक फोटो के तौर पर नहीं देखा जा रहा. यह तस्वीर उस बदलती वैश्विक व्यवस्था की झलक भी देती है, जिसमें भारत अलग-अलग देशों के साथ संबंध बनाए रखते हुए अपने राष्ट्रीय हितों और रणनीतिक स्वतंत्रता को प्राथमिकता दे रहा है.
तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक तरफ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन खड़े हैं और दूसरी तरफ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं. ग्लोबल मीडिया में इस फोटो के आते ही तहलका मच गया. कूटनीतिक जानकार इसे ‘साल की सबसे ताकतवर तस्वीर’ बता रहे हैं, क्योंकि यह तीन ऐसे देशों के प्रमुखों की तस्वीर है, जो मिलकर दुनिया की एक बहुत बड़ी आबादी और अर्थव्यवस्था का लीड करते हैं.
पीएम मोदी के पुतिन, शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की एक ही मंच पर मौजूदगी ने ब्रिक्स सम्मेलन को खास बना दिया है. यह सम्मेलन ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान और अमेरिका युद्ध जैसी बड़ी चुनौतियों से गुजर रही है. ऐसे माहौल में BRICS का मंच भारत को अलग-अलग पावर सेंटर के साथ संवाद बनाए रखने का मौका दे रहा है.
भारत, रूस और चीन के शीर्ष नेतृत्व सहित अन्य देशों के प्रमुखों की एक साथ मौजूदगी यह साबित करती है कि ब्रिक्स मंच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद और समन्वय का सबसे बड़ा जरिया बन गया है, जहां वैश्विक एजेंडे पर गंभीर चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं.
भारत मंडपम में चल रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान एक संयुक्त पौधरोपण कार्यक्रम में (बाएं से) ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली.
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान एक संयुक्त पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी और अन्य देशों के प्रमुख.