नीट (NEET) पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर कॉकक्रोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन सोमवार को 23वें दिन भी जारी है. संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही संगठन ने 'चलो संसद' मार्च का ऐलान किया है. इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
रविवार रात से जंतर-मंतर पर जुटने लगे लोग
संसद मार्च में शामिल होने के लिए छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी और उनके परिजन रविवार शाम से ही जंतर-मंतर पहुंचने लगे थे. देर रात 11 बजे के बाद भी लोगों का आना जारी रहा. संगठन का दावा है कि अब तक करीब 10 हजार लोग पहुंच चुके हैं.
फुटपाथ पर ही बिताई रात, सुबह से फिर जुटी भीड़
प्रदर्शन में शामिल कई लोगों ने पूरी रात जंतर-मंतर और आसपास के फुटपाथों पर बिताई. जिसे जहां जगह मिली, वहीं सो गया. सोमवार सुबह होते ही प्रदर्शन स्थल पर फिर से भीड़ बढ़ने लगी और संसद मार्च की तैयारियां तेज हो गईं.
संसद की ओर मार्च रोकने के लिए पुलिस ने करीब 7 फीट ऊंची बैरिकेडिंग लगाई थी. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया, जिसके बाद कुछ जगहों पर बैरिकेडिंग तोड़ दी गई. हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है.
दिल्ली में थ्री-टियर सुरक्षा व्यवस्था
संसद सत्र और प्रस्तावित मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस और शंकर चौक समेत संवेदनशील इलाकों में थ्री-टियर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. दिल्ली पुलिस की दो परतों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात की गई है. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमें भी स्टैंडबाय पर हैं.
DCP बोले- मार्च की अनुमति नहीं दी गई
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एडवाइजरी में कहा कि संसद मार्च या किसी भी जुलूस के लिए न तो अनुमति मांगी गई है और न ही कोई अनुमति दी गई है. उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और अनधिकृत मार्च में शामिल नहीं होने की अपील की है.
संसद सत्र के पहले दिन आंदोलन पर सबकी नजर
संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च को लेकर प्रशासन और प्रदर्शनकारी दोनों पूरी तैयारी में हैं. ऐसे में सोमवार को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और आंदोलन की दिशा पर पूरे देश की नजर रहेगी.
कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के पहले पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए हैं. जंतर-मंतर पर भारी भीड़ मौजूद है.प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया.