scorecardresearch

'पापा ने भेजा है...' सुनते ही रुकी बच्ची, 10 वर्षीय छात्रा की सूझबूझ से टला अपहरण

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक पांचवीं कक्षा की छात्रा की समझदारी और सतर्कता ने एक संभावित अपहरण की घटना को टाल दिया. स्कूल से घर लौट रही 10 वर्षीय बच्ची को एक युवक ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की.

10 वर्षीय छात्रा की सूझबूझ से टली अनहोनी 10 वर्षीय छात्रा की सूझबूझ से टली अनहोनी

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक पांचवीं कक्षा की छात्रा की समझदारी और सतर्कता ने एक संभावित अपहरण की घटना को टाल दिया. स्कूल से घर लौट रही 10 वर्षीय बच्ची को एक युवक ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन बच्ची ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए उसका झांसा पहचान लिया और वहां से भागकर सीधे अपने घर पहुंच गई. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.

जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कृष्णा सिटी-2 में रहने वाले मनोहर सिंह की 10 वर्षीय बेटी रोजा जलालपुर गांव स्थित एक स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा है. आमतौर पर बच्ची की मां उसे स्कूल छोड़ने और लेने जाती थीं. बताया जा रहा है कि 13 मई को घरेलू काम में व्यस्त होने के कारण मां स्कूल पहुंचने में देर हो गईं. इसी बीच स्कूल की छुट्टी होने पर बच्ची अकेले ही घर के लिए निकल पड़ी.

रास्ते में युवक ने रोका
परिजनों के अनुसार, स्कूल से करीब 400 मीटर दूर पहुंचते ही मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक बच्ची के पास आया. आरोपी ने बच्ची से कहा कि उसके पिता ने उसे घर ले जाने के लिए भेजा है. हालांकि बच्ची को पहले से ही परिवार की ओर से समझाया गया था कि किसी अनजान व्यक्ति की बातों में नहीं आना है और बिना पहचान के किसी के साथ नहीं जाना है.

युवक लगातार बच्ची को अपने साथ चलने के लिए कहता रहा, लेकिन बच्ची ने मना कर दिया. इसके बाद आरोपी ने मोबाइल फोन निकालकर कहा कि वह उसके पिता से बात करा देता है. युवक ने एक नंबर मिलाया और बच्ची को फोन देने की कोशिश की.

पिता का नंबर पहचान कर समझ गई चाल
बच्ची अपने पिता का मोबाइल नंबर जानती थी. उसने तुरंत पहचान लिया कि युवक जिस नंबर से बात कराने की कोशिश कर रहा है, वह उसके पिता का नंबर नहीं है. बच्ची ने साफ तौर पर युवक से कह दिया कि यह उसके पिता का नंबर नहीं है. बताया जा रहा है कि इसके बाद युवक ने दूसरा नंबर मिलाने की कोशिश की और जबरन बात कराने लगा. तभी बच्ची को किसी अनहोनी की आशंका हुई और वह तुरंत वहां से दौड़कर अपने घर पहुंच गई. घर पहुंचकर उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में डर और गुस्सा फैल गया. परिजनों ने तुरंत पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मामले में बिसरख कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. शुरुआती जांच में अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बच्ची और उसके परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि संदिग्ध युवक की पहचान कर जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: