scorecardresearch

कमरे के अंदर बने 8 फीट गहरे टैंक में तैर रहे थे 1 या 2 नहीं, बल्कि 11 सांपों का एक झुंड, वीडियो देख उड़ जाएंगे आपको होश

राजस्थान के कोटा स्थित आंवली इलाके में एक घर के अंदर बने 8 फीट गहरे पानी के टैंक की सफाई के दौरान 11 सांप निकलने से हड़कंप मच गया. सोमवार सुबह जब परिवार टैंक खाली कर रहा था, तब टॉर्च की रोशनी में कई सांप पानी में तैरते दिखे.

8 फीट गहरे टैंक में 11 सांपों का एक झुंड 8 फीट गहरे टैंक में 11 सांपों का एक झुंड

कोटा के आंवली इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर बने पानी के टैंक से एक साथ 11 सांप निकल आए. परिवार के लोग टैंक की सफाई कर रहे थे, तभी पानी में हलचल दिखी. पहले तो लोगों को लगा कि शायद कोई और चीज होगी, लेकिन जब टॉर्च की रोशनी डालकर अंदर देखा गया तो कई सांप पानी में तैरते नजर आए. यह नजारा देखते ही घरवालों में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग डर गए.

टैंक की सफाई के दौरान हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, घर के कमरे के अंदर करीब 8 फीट गहरा पानी का टैंक बना हुआ है, जिसकी काफी समय से सफाई नहीं हुई थी. सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे परिवार के लोग टैंक खाली कर उसकी सफाई में जुटे थे. इसी दौरान पानी के अंदर हलचल दिखाई दी. जब टॉर्च की मदद से अंदर देखा गया तो टैंक में कई सांप नजर आए. एक साथ इतने सांप देखकर परिवार के होश उड़ गए. किसी को समझ नहीं आया कि आखिर इतने सांप पानी के टैंक में पहुंचे कैसे.

सूचना मिलते ही पहुंची रेस्क्यू टीम
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत नगर निगम के रेस्क्यूअर रॉकी डेनियल को सूचना दी. जानकारी मिलते ही रॉकी डेनियल अपने सहयोगी जितेंद्र कोली के साथ मौके पर पहुंचे और बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. रेस्क्यू टीम ने सावधानी के साथ टैंक में उतरकर एक-एक सांप को बाहर निकालना शुरू किया. क्योंकि टैंक गहरा था और अंदर पानी भी मौजूद था, इसलिए यह काम आसान नहीं था.

20 मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रेस्क्यूअर रॉकी डेनियल के मुताबिक, करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद सभी 11 सांपों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सभी सांप लगभग एक-एक फीट लंबे बताए जा रहे हैं. घर के लोग काफी डरे हुए थे, लेकिन जैसे-जैसे सांप बाहर निकलते गए, परिवार ने राहत की सांस ली. सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.

चंबल किनारे छोड़े गए सभी सांप
रेस्क्यू पूरा होने के बाद सभी सांपों को सुरक्षित तरीके से चंबल नदी के किनारे छोड़ दिया गया. रॉकी डेनियल ने बताया कि ये 'चेकर्ड कीलबैक' प्रजाति के पानी में रहने वाले सांप हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रजाति जहरीली नहीं होती और आमतौर पर तालाब, नदी या पानी वाले इलाकों के आसपास दिखाई देती है. ऐसे सांप इंसानों के लिए खतरनाक नहीं माने जाते.

पहले भी दिखा था एक सांप
मकान मालिक ने बताया कि दो-तीन दिन पहले घर की सीढ़ियों पर भी एक सांप दिखाई दिया था. माना जा रहा है कि संभवतः उसी सांप के बच्चे किसी तरह पानी के टैंक में गिर गए होंगे. घटना के बाद परिवार के लोग काफी देर तक डरे-सहमे रहे. हालांकि, सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने के बाद घरवालों ने राहत महसूस की.

(रिपोर्ट- चेतन गुर्जर)

ये भी पढ़ें