scorecardresearch

नागपुर में SBI बैंक में फिल्मी स्टाइल में हुई लूट, कर्मचारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 4 लाख रुपये उड़ाए, आरोपी बीएससी पास और बेरोजगार

बैंक में हुई यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 30 मिनट में उसे दबोच लिया.

Advertisement
SBI Branch SBI Branch

महाराष्ट्र के नागपुर में दिनदहाड़े बैंक लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सक्करदरा इलाके में स्थित SBI की शाखा में एक आरोपी ने बैंक कर्मचारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर करीब 4 लाख रुपये लूट लिए. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से लूटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है.

आम ग्राहक की तरह बैंक के अंदर दाखिल हुआ आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक में रोज की तरह कामकाज चल रहा था. इसी दौरान आरोपी आम ग्राहक की तरह बैंक के अंदर दाखिल हुआ और कैश काउंटर के पास पहुंच गया. मौका मिलते ही उसने अचानक अपने पास रखा मिर्च पाउडर बैंक कर्मचारियों की आंखों में झोंक दिया.

आंख में मिर्च पड़ते ही मची अफरा तफरी
कर्मचारियों के आंखों में मिर्च पाउडर पड़ते ही बैंक में अफरा-तफरी मच गई. इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने करीब 4 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया और बैंक से बाहर निकलकर फरार हो गया.

बेरोजगार है आरोपी
बैंक में हुई यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 30 मिनट में उसे दबोच लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली है. आरोपी का नाम सूरज भोजराज बोरकर है. उसकी उम्र 28 साल है और वह बीएससी पास है.  और फिलहाल बेरोजगार है और नागपुर के ग्रामीण इलाके का रहने वाला है.

फिलहाल सक्करदरा पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने बैंक लूट की इस वारदात को किस मकसद से अंजाम दिया और क्या इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था.

ये भी पढ़ें: