scorecardresearch

Weather Update: कहीं लू और गर्मी का 'टॉर्चर'... तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, यहां पढ़ें दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार से लेकर किस राज्य में आज कैसा रहेगा मौसम?

Aaj Ka Mausam 10 June 2026: मौसम इस समय अपना एक-दो नहीं बल्कि कई रूप दिखा रहा है. कहीं लू और गर्मी से लोग परेशान हैं तो कहीं आंधी-बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने 10 जून को 17 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. आइए जानते हैं बुधवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update Weather Update

Weather Today 10 June 2026: यूपी-बिहार, दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज हर दिन बदल रहा है. कहीं लू और गर्मी से लोग परेशान हैं तो कहीं आंधी-बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी है. उधर, मॉनसून ने केरल में दस्तक दे दी है. वह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश हो रही है तो उत्तर भारत के कई राज्यों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 जून को 17 राज्यों में तेज आंधी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कई जगहों पर ओले गिरने और वज्रपात भी होने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है.

इन राज्यों आंधी और बारिश की संभावना 
मौसम विभाग ने 10 जून 2026 को 17 राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है. जिन राज्यों में बुधवार को आंधी और पानी की चेतावनी है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक शामिल हैं. 

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 10 और 11 जून के बीच आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कुछ जगहों पर 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है. बुधवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि इस दौरान उमस भरी गर्मी लोगों को सता सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली-एनसीआर में 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ के साथ प्री-मॉनसून गतिविधियों के प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

यूपी में कहीं होगी बारिश तो कहीं पड़ेगी भीषण गर्मी 
यूपी में बुधवार को कहीं भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है तो कहीं आंधी-बारिश की आशंका है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू यानी हीट वेव चलने की संभावना है. उधर, मौसम विभाग ने 10 और 12 जून को वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, आगरा, मथुरा, मुजफ्फर नगर, मेरठ, गाजियाबाद, फिरोजाबाद, औरैया, मैनपुरी, अलीगढ़, आजमगढ़, मैनपुरी, कानपुर और पीलीभीत में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.

बिहार में 10 और 12 जून को कई जगहों पर होगी झमाझम बारिश 
मौसम विभाग ने बिहार में 10 और 12 जून को कई जगहों पर भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी है. जिन जगहों पर बारिश होने की संभावना है, उनमें पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, सारण, सिवान, गोपालगंज,  वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर, अररिया, किशनगंज, खगड़िया और बेगूसराय शामिल हैं. इस दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. बुधावार को पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.

झारखंड में अगले तीन दिनों तो भारी बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने झारखंड में 10 से 13 जून के बीच भारी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. जिन जगहों पर आंधी-पानी आने की संभावना है, उनमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, दुमका, पलामू, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल है. इस दौरान कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. 10 जून को रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 

केरल-कर्नाटक में मॉनसूनी बारिश
मौसम विभाग ने 10 जून को केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. केरल और कर्नाटक में इन दिनों मॉनसूनी बारिश हो रही है. 

पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम 
मॉनसून ने पूर्वोत्तर भारत में भी दस्तक दे दी है. मौसम विभाग ने बुधवार को असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.