scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 13 June 2026: यूपी-बिहार सहित 17 राज्यों में तेज हवाओं के साथ होगी झमाझम बारिश, जानें दिल्ली-एनसीआर और अन्य जगहों पर आज कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 13 जून 2026 को यूपी-बिहार, दिल्ली-एनसीआर सहित 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. यहां आप पढ़ सकते हैं शनिवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update Weather Update

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है. इन राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है.  मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके चलते कई राज्यों में आंधी और बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 13 जून दिन शनिवार को यूपी, बिहार, झारखंड सहित 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. 

शनिवार को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड आंधी-पानी की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश हो सकती है. शनिवार को राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम बदला रहेगा. पूर्वोत्तर भारत के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. कई जगहों पर ओले गिरने और वज्रपात होने की भी संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. 

क्या आज दिल्ली-एनसीआर में होगी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार रात हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में  13 जून को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. आकाश में बादलों का डेरा रह सकता है. आईएमडी ने शनिवार को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. शनिवार को दोपहर के बाद बादल छाने और बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है. दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दिल्ली-एनसीआर में 14 जून को भी हल्की बारिश होने की संभावना है. 

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट 
मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में 13 जून को आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बुलंदशहर, हापुड़, प्रयागराज, सोनभद्र, अमेठी सहित 33 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या समेत मध्य यूपी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 14 से 17 जून के बीच भी यूपी के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है. 

बिहार के कई जिलों में आंधी-पानी की चेतावनी 
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में शनिवार को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है, उनमें पटना, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, गया, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, सिवान, सारण, नवादा, मुंगेर और भागलपुर सहित कई जिले शामिल हैं. इन जिलों में बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. 

राजस्थान में चलेगी धूलभरी आंधी 
मौसम विभाग ने 13 जून को रास्थान में धूलभरी आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है. राजस्थान के कई हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा, भरतपुर और अलवर में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है. 14 से 17 जून के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा वेदर 
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 13 से 15 जून तक बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. उत्तराखंड के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग,  और उत्तरकाशी शामिल हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन होने का खतरा है. हिमाचल प्रदेश के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन और सिरमौर शामिल हैं.