scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 14 May 2026: रहें सतर्क! आज 16 राज्यों में है आंधी-बारिश का अलर्ट, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ लें वेदर रिपोर्ट

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक बारिश और आंधी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक 14 मई को 16 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. ऐसे में घर से निकलने से पहले जरूर यहां पढ़ लें वेदर रिपोर्ट.

Weather Update Weather Update

Weather Forecast 14 May 2026: दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक बारिश और आंधी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश ने कहर मचा दिया है. बुधवार को आंधी-पानी से कई लोगों की जान चली गई. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 14 मई को 16 राज्यों में आंधी और बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. 

पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में 14 मई को बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों में पू्र्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में 14 से 17 मई तक भारी बारिश होने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में भी आंधी-पानी आने की संभावना है. दक्षिण भारत के राज्यों केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भी भारी बारिश होने की संभावना है. उधर, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में 19 मई तक लू चल सकती है. मौसम विभाग ने 15 से 18 मई तक पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 14 मई को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. दिल्ली में 15 मई से पारा चढ़ना शुरू होगा और 16 मई तक आसमान एकदम साफ हो जाएगा. इस दौरान तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

यूपी में कैसा रहेगा मौसम 
 उत्तर प्रदेश (यूपी) में आंधी और बारिश के बाद अब भीषण गर्मी और लू का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी दी है. IMD के अनुसार 14 मई से प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने वाला है. बारिश की विदाई के साथ ही तापमान में एक बार फिर उछाल दर्ज किया जाएगा, जिससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. लखनऊ और आसपास के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्के बादल छाए रह सकते हैं. बूंदाबांदी की संभावना है.

बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार में 14 से 17 मई तक आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कई जिलों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार दरभंगा और पूर्णिया में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है. पटना, गया, भागलपुर में गरज-चमक के  साथ हल्की बारिश की संभावना है.

झारखंड में बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने झारखंड में 14 से 18 मई के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 14 मई को कुछ जिलों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में बारिश होने की संभावना है. कई जगहों पर आसमानी बिजली गिरने की आशंका है. 

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 14 से 16 मई के बीच बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 50 से 49 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. गुरुवार को देहरादून, नैनीताल, मसूरी और पिथौरागढ़ में बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में शिमला, मनाली, धर्मशाला और कुल्लू में गुरुवार को बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है.