scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 21 March 2026: दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार में बारिश-आंधी, हिमाचल प्रदेश-जम्मू कश्मीर में बर्फबारी, आज 17 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ लें यहां वेदर रिपोर्ट 

Weather Update: मौसम विभाग ने 21 मार्च को दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार सहित 17 राज्यों में बारिश-आंधी आने की चेतावनी जारी की है. पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होने की संभावना है. कई जगहों पर वज्रपात गिरने की संभावना है. ऐसे में आप घर से निकलने से पहले यहां मौसम विभाग का वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ लें.

Advertisement
Weather Update Weather Update

पूरे भारत में इस समय मौसम का मिजाज बदला हुआ है. देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी का कहर जारी है. इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से एक बार फिर टेंशन वाला अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक 21 मार्च दिन शनिवार को दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार सहित 17 राज्यों में बारिश-आंधी आने की संभावना है. पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होने की संभावना है. कई जगहों पर वज्रपात गिरने की संभावना है. 10 से अधिक राज्यों में ओले गिरने की संभावना है. ऐसे में लोगों से सावधान रहने के लिए कहा गया है. आप घर से निकलने से पहले यहां मौसम विभाग का वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ लें.

इन राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट 
मौसम विभाग ने जिन 17 राज्यों में शनिवार को आंधी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, उनमें उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं. पूर्वी और मध्य भारत के जिन राज्यों में 21 मार्च को बारिश-तूफान का अलर्ट है, उनमें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा शामिल हैं. दक्षिण भारत के राज्यों आंध्र प्रदेश, केरल,  कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी के कई जिलों में 21 से 22 मार्च के दौरान बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है. महाराष्ट्र में 21 मार्च, 23 और 24 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 21 मार्च को भी मौसम खराब रहने वाला है. IMD के मुताबिक शनिवार को भी तेज हवा के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. बारिश के चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान कई डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़केगा. मौसम विभाग ने शनिवार को आकाशीय बिजली कड़कने और ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की है. खराब मौसम के चलते लोगों को सतर्क रहने की आवाश्यकता होगी. दिल्ली-एनसीआर में 21 मार्च को न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. आईएमडी ने अगले एक सप्ताह तक दिन का तापमान सामान्य से कम या आसपास बने रहने की संभावना जताई है.  

यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी और बिहार के कई जिलों में शनिवार को बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक यूपी में 21 मार्च से 23 मार्च के बीच नोएडा, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया और बलरामपुर में भारी बारिश और  30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. उधर, बिहार में भी 21 मार्च को मौसम बिगड़ा रहेगा. पटना, मुजफ्फरपुर, औरंगाबाद, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, वैशाली, सिवान, सारण  और मधुबनी में शनिवार को बारिश होने की संभावना है. पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. 

हरियाणा-पंजाब में आंधी-बारिश की चेतावनी 
मौसम विभाग की ओर से शनिवार को हरियाणा और पंजाब में आंधी-बारिश आने की चेतावनी जारी की गई है. हरियाणा के जिन जिलों में बारिश की चेतावनी है, उनमें गुरुग्राम,अंबाला, रोहतक, जींद, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र शामिल हैं. चंडीगढ़ में 21 मार्च को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश में तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट 
आईएमडी के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 21 मार्च को तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. उत्तराखंड के जिन जिलों में शनिवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें देहरादून,नैनीताल, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चंपावत शामिल हैं. देहरादून में शनिवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. उधर, हिमाचल प्रदेश में शनिवार को जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें कुल्लू, मनाली, मंडी, चंबा, बिलासपुर और किन्नौर शामिल हैं. शनिवार को मनाली में अधिकतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में 21 मार्च को आंधी-तूफान और बारिश आने को लेकर अलर्ट जारी किया है. राजस्थान के जिन जिलों में शनिवार को बारिश हो सकती है, उनमें जयपुर, अजमेर, झुंझुनू, अलवर, टोंक, करौली, भीलवाड़ा, चित्तौरगढ़, कोटा और बारन शामिल हैं. जयपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 21 मार्च को मध्य प्रदेश के करीब 30 जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है.