scorecardresearch

Weather Forecast Today 22 March 2026: सावधान! अगले 5 दिनों तक बारिश से राहत नहीं, यूपी-बिहार सहित 19 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट, जानें आज आपके यहां कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update: देश के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने रविवार को भी यूपी-बिहार सहित 19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर हवाओं की रफ्तार 80 किमी प्रतिघंटा तक जा सकती है. यहां आप पढ़ सकते हैं आपके राज्य में आज कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update Weather Update

Aaj ka Mausam: मौसम का मिजाज पिछले कुछ दिन से बदला हुआ है. देश के अधिकतर राज्यों में बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 5 दिनों तक बारिश से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई राज्यों में झमाझम बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है.

आईएमडी के मुताबिक 24 मार्च तक पूर्वी और उत्तर-पू्र्वी भारत के राज्यों में आंधी-पानी आने की संभावना है. पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान कई जगहों पर हवाओं की रफ्तार 80 किमी प्रतिघंटा तक जा सकती है. मौसम विभाग ने 22 मार्च दिन रविवार को भी यूपी और बिहार सहित 19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. 

कहां-कहां हो सकती है बारिश? 
मौसम विभाग के मुताबिक 22 मार्च को बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इन जगहों पर आंधी आने की संभावना है. महाराष्ट्र और के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

इसके अलावा दक्षिण भारत के राज्यों में भी रविवार को बारिश होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओलावृष्टि हो सकती है. पूर्वी भारत में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. जहां-जहां बारिश होगी वहां का तापमान नीचे जा सकता है. 

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में रविवार को बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है. 23 मार्च दिन सोमवार को सुबह से दोपहर तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है. रविवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

22 मार्च को दिन में धूप रहेगी और हल्की हवाएं चलती रहेंगी. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 27 मार्च 2026 तक फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 24 मार्च को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा. 25 मार्च को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस, 26 मार्च को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और 27 मार्च को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. 

यूपी-बिहार में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. यूपी के कई जिलों में एक-दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी. उत्तर प्रदेश में रविवार को लखनऊ, अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, श्रावस्ती, गोंडा, बहराइच, आंबेडकर नगर, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र जिलों में बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है. उधर, मौसम विभाग के मुताबिक 22 मार्च को बिहार के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है. जिन जिलों में बारिश होगी, उनमें पटना, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, वैशाली, सारण, मधुबनी, दरभंगा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, बांका, जमुई और भागलपुर शामिल हैं.  

राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा वेदर?
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में रविवार को बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 22 मार्च को राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी सहित पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 22 से 27 मार्च तक बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है.