scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 24 April 2026: रहें सावधान... फिर बिगड़ने वाला है मौसम, कहीं गर्मी-लू तो कहीं आंधी-बारिश की चेतावनी, घर से निकलने से पहले पढ़ें वेदर रिपोर्ट 

Weather Update: मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में जहां लू का अलर्ट जारी किया है तो वहीं 13 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. दिल्ली, यूपी से लेकर बिहार तक में मौसम करवट लेने वाला है. घर से निकलने से पहले यहां पढ़ लें आज कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update Weather Update

Weather Forecast 24 April 2026: देश का मौसम इस समय अलग-अलग मूड में नजर आ रहा है. देश के कई राज्यों के लोग जहां तेज धूप और लू से परेशान हैं तो वहीं कुछ राज्यों में आंधी-बरिश ने परेशान कर रखा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक एक  बार फिर मौमस बिगड़ने वाला है. अगले चार से पांच दिनों तक मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिलने वाला है. मौसम विभाग ने जहां कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है तो वहीं 13 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी काफी परेशान करेगी. राजस्थान में 23 से 29 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में शुक्रवार को भीषण गर्मी पड़ेगी. मध्य प्रदेश 27 अप्रैल तक तापमान काफी ऊपर रहेगा. बिहार, झारखंड और ओडिशा के जिलों में 23 से 27 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है.

इन जगहों पर आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन राज्यों में 24 से 29 अप्रैल के बीच आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें अधिकतर राज्य पूर्वोत्तर भारत के हैं. असम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब व हरियाणा में बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश में 28 और 29 अप्रैल आंधी-पानी का पूर्वानुमान है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 25 और 28 अप्रैल को बारिश या बर्फबारी हो सकती है. केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 23 से 27 अप्रैल के बीच हल्की बारिश हो सकती है. 

आज दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहेगा. कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है. दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तापमान काफी ऊपर चढ़ा है. पारा 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है.मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में रातें भी काफी गर्म रहने वाली हैं, जिसे वॉर्म नाइट कंडीशन कहा जा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 26 अप्रैल 2026 को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. 

उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट 
उत्तर प्रदेश के लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं. दोपहर में लू चलने के काफी परेशानी हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह रहने वाला है. 24 से 27 अप्रैल के बीच यूपी के पूर्वी हिस्सों में लू चलने की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी गर्मी का असर रहेगा. लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और मेरठ में तापमान 40-44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 अप्रैल को यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. 

बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा वेदर 
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार और झारखंड में 24 और 25 अप्रैल को प्रचंड गर्मी पड़ेगी. कई जगहों पर लू का असर देखने को मिल सकता है. बिहार में 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव हो सकता है. कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है. इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर में आंधी-तूफान का असर दिख सकता है. इस दौरान कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं. उधर, झारखंड में 26 से 29 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है. कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है.