scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 25 March 2026: एक बार फिर बिगड़ने जा रहा मौसम! 12 राज्यों में बारिश-आंधी और बिजली-वज्रपात का अलर्ट, जानें आपके यहां आज कैसा रहेगा वेदर? 

Weather Update: मौसम विभाग ने एक बार फिर देश में मौसम बिगड़ने को लेकर अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार सहित 12 राज्यों में बारिश-आंधी, बिजली और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है. आप यहा पढ़ सकते हैं 25 मार्च 2026 को कहां और कैसा मौसम रहेगा? 

Advertisement
Weather Update Weather Update

IMD Alert: पूरे देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से 25 मार्च दिन बुधवार को दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार, पंजाब सहित देश के 12 राज्यों में बारिश-आंधी, बिजली और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है. 

मौसम विभाग के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके चलते अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बारिश से जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं आंधी और वज्रपात से बच कर रहने की जरूरत होगी. मौसम विभाग ने खासतौर पर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है. तेज बारिश और आंधी से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.

इन राज्यों में आंधी-पानी को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 25 से 30 मार्च के बीच आंधी-पानी को लेकर अलर्ट जारी किया है. पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी बारिश-आंधी का अलर्ट है. बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 27 और 28 मार्च को बारिश-आंधी की चेतावनी है. सिक्किम में 27 मार्च को बारिश, ओलावृष्टि के साथ 70 किमी प्रति घंटे तक की आंधी आने की संभावना है. दक्षिण भारत के भी कई राज्यों में अगले पांच दिनों के बीच बारिश होने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 25-26 मार्च के बीच मौसम एक बार फिर बिगड़ने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. आईएमडी के मुतिबाक दिल्ली में जिन जगहों पर में बारिश की संभावना है उनमें आनंद विहार, आईटीओ, लक्ष्मी नगर, इंडिया गेट, राजघाट, लाजपत नगर, कालका जी, रोहिणी, उत्तम नगर, पालम और सागरपुर शामिल हैं. दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 

यूपी-बिहार में एक बार फिर होगी बारिश 
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी और बिहार में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 27 मार्च से बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है. यूपी के जिन जिलों में आंधी-पानी आने की संभावना है, उनमें वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, औरैया, मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, हमीरपुर, सोनभद्र, बांदा, झांसी, ललितपुर और महोबा शामिल हैं. बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उधर, बिहार में मौसम विभाग की ओर से 27 और 28 मार्च को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें पटना, गया, सिवान, बक्सर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, सुपौल, भागलपुर, अररिया, किशनगंज मुंगेर और पूर्णिया शामिल हैं. पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा वेदर 
मौसम विभाग के मुताबिक 25 से 30 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और आंधी आने की संभवाना है. ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है. बुधवार को उत्तराखंड के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग शामिल हैं.

इस दौरान यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. हिमाचल प्रदेश में 26 मार्च को तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है. जिन जिलों में बारिश हो सकती है उनमें, शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, लाहौल और स्पीति शामिल हैं. मनाली में बुधवार को अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.