scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 26 April 2026: रहें सतर्क! आज देशभर में एक जैसा नहीं रहेगा मौसम, कहीं बारिश-तूफान तो कई जगहों पर भीषण गर्मी-लू का अलर्ट

Weather Update: मौसम का मिजाज इस समय बिगड़ा हुआ है. कहीं बारिश-तूफान से लोग परेशान हैं तो कई जगहों पर भीषण गर्मी और लू ने परेशानी बढ़ा रखी है. मौसम विभाग ने 26 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू का अलर्ट जारी किया है तो वहीं पूर्व, उत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. यहां आप जान सकते हैं कहां और कैसा मौसम रविवार को रहेगा?

Weather Update Weather Update

Weather Forecast 26 April 2026: सूर्य देव पिछले कुछ दिनों से अपना प्रचंड रूप दिखा रहे हैं. कई जगहों पर आसमान से आग बरस रही है. लू और भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 26 अप्रैल को देशभर में मौसम एक जैसा नहीं रहेगा. मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू का अलर्ट जारी किया है तो वहीं पूर्व, उत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार सहित 17 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में बारिश होने की संभावना है, उनमें असम, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम,  हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं.

दिल्ली में छा सकते हैं बादल 
दिल्ली के लोग पिछले कुछ दिनों से प्रचंड गर्मी से परेशान हैं. उनके लिए राहत भरी खबर है. दिल्ली में 26 अप्रैल को दिन में तो भीषण गर्मी पड़ेगी लेकिन शाम होते-होते मौसम का मिजाज बदलेगा. आसमान में हल्के बादल छाने की संभावना है. दिल्ली में तापमान की बात करें तो रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

यूपी में मौसम लेगा करवट 
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल गर्मी और लू का असर बना रहेगा, लेकिन 28 अप्रैल से मौसम के करवट लेने की संभावना है. 28 अप्रैल से 1 मई के बीच कई जिलों में आंधी और बारिश होने की संभावना है. जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें लखनऊ, कानपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बरेली, बदायूं, बिजनौर, मोरादाबाद, झांसी, संभल, रामपुर, मैनपुरी, कन्नौज, कुशीनगर, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, बाराबंकी, आगरा, मथुरा, आजमगढ़, अलीगढ़, प्रतापगढ़ और देवरिया शामिल हैं. लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट 
आईएमडी के मुताबिक बिहार में  26 से 28 अप्रैल के बीच कई जिलों में आंधी और बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कई जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है. बिहार के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, गया, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, कटिहार, किशनगंज, अररिया, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण शामिल हैं. 

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 26 से 28 अप्रैल के बीच उत्तराखंड में और 28 से 30 अप्रैल के बीच हिमाचल प्रदेश में बारिश की चेतावनी जारी कि है. उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में बारिश और आंधी आने की संभावना है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर में बारिश की संभावना है. मनाली में 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस रहेगा. 

हरियाणा-पंजाब में कैसा रहेगा मौसम 
हरियाणा-पंजाब के लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में 27 से 28 अप्रैल के बीच बारिश होने की संभावना है. हरियाणा के जिन जिलों में बारिश होने का अलर्ट है, उनमें पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, पलवल भिवानी, फरीदाबाद और पलवल शामिल है. पंजाब में 26 अप्रैल को बारिश होने की संभावन है. पंजाब के जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें गुरदासपुर, पठानकोट, मनसा, बठिंडा, फाजिल्का शामिल हैं.