Aaj ka Mausam
Aaj ka Mausam
देश के अधिकतर राज्यों के लोग पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी से परेशान थे लेकिन बारिश ने उनकी परेशानी दूर कर दी है. देश के कई राज्यों में बारिश हो रही है. आंधी और बारिश से यूपी, बिहार और दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार देश में एक बार फिर से आंधी और बारिश होने वाली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 30 मई दिन शनिवार को उत्तर प्रदेश और बिहार सहित 19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई राज्यों में बारिश के दौरान 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कुछ जगहों पर आसमानी बिजली और वज्रपात गिरने की भी संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत
दिल्ली-एनसीआर के लोग पिछले कुछ दिनों से गर्मी से काफी परेशान थे लेकिन बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 31 मई को भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है. शनिवार को दिन में धूप निकलेगी. दिल्ली में 30 मई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
यूपी में आंधी और बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. 28 और 29 मई को कई जिलों में बारिश हुई. मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में 30 मई को भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, उनमें नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, अयोध्या, अलीगढ़, मोरादाबाद, बरेली, बहराइच, हमीरपुर, सीतापुर, बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, फिरोजाबाद, सोनभद्र और ललितपुर शामिल हैं. 30 मई को लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बिहार में आज आंधी-पानी की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार में 30 मई को आंधी-पानी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. बिहार के जिन जिलों में शनिवार को बारिश और आंधी की संभावना है, उनमें गया, भोजपुर, औरंगाबाद, रोहतास, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, गोपालगंज, सिवान, जहानाबाद, नवादा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज शामिल हैं. शनिवार को पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 30 मई को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 31 मई को आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश के जिन जिलों में शनिवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें शिमला, मंडी, चंबा, कुल्लू, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, ऊना और किन्नौर शामिल हैं. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. शनिवार को मनाली में अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, उत्तराखंड के जिन जिलों में रविवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत, चमोली, चमोली, ऋषिकेश और रुद्र प्रयाग शामिल हैं. 30 मई को देहरादून में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर जारी
पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने 4 जून तक भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है. अरुणाचल प्रदेश में 1 से 4 जून के बीच भारी बारिश हो सकती है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.