Weather Update (File Photo: PTI)
Weather Update (File Photo: PTI)
Weather Forecast 8 May 2026: साल 2026 के मई महीने में भी अधिकतर राज्यों में आंधी-बारिश के चलते प्रचंड गर्मी नहीं पड़ रही है. बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 8 मई दिन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और बिहार सहित 11 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्कम में भारी बारिश की चेतावनी दी है.
दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बारिश होने के चलते मौसम सुहावना बना हुआ था लेकिन अब लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग ने 8 से 12 मई के बीच भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है. तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है. दोपहर के समय लू भी चल सकती है. दिल्ली-एनसीआर में 8 मई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यूपी में आंधी-पानी की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश (UP) के कई जिलों में 8 और 9 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है. कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. 9 मई के बाद से यूपी के अधिकतर जिलों में मौसम साफ और शुष्क होने लगेगा.
बिहार में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट
बिहार कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 8 और 9 मई को बिहार के 15 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में बारिश होगी, वहां के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग के मुताबिक अररिया, किशनगंज, सुपौल और खगड़िया समेत कई जिलों में अगले 12 घंटे के अंदर बादल छाएंगे और रुक-रुककर बारिश होगी. 9 मई के बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और मध्य प्रदेश में 8 से 10 मई के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है. उधर, मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम का मिजाज बदला रहेगा. कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 8 से 9 मई के बीच मध्य प्रदेश के 11 जिलों में आंधी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें पन्ना, रीवा, सतना, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और मऊगंज शामिल हैं.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 8 से 10 मई के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में मूसलाधार बारिश 8 मई को हो सकती है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है. 9 मई को नैनीताल और अल्मोड़ा बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 10 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. उधर, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश में 11 मई और 12 मई को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.