scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 27 March 2026: आंधी-बारिश... ओलावृष्टि और वज्रपात, 27 से 31 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार सहित देश के कई राज्यों में IMD का बड़ा अलर्ट, यहां पढ़ें वेदर अपडेट

Rain Alert: पूरे देश में इस समय मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. मौसम विभाग ने 27 से 31 मार्च 2026 तक देश के कई राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. घर से निकलने से पहले यहां जरूर पढ़ लें वेदर रिपोर्ट.

Weather Update Weather Update

Weather Update: पूरे देश में इस समय मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 27 से 31 मार्च 2026 तक देश के कई राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. घर से निकलने से पहले यहां जरूर पढ़ लें वेदर रिपोर्ट. 27 मार्च दिन शुक्रवार को देश के ज्यादातर राज्यों में बादल छाए रहने की संभावना है. कई राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते उत्तर भारत के मौसम में बदलाव आया है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शुक्रवार और 28-29 मार्च को धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी 27 से 31 मार्च के बीच मौसम बिगड़ने के आसार हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों तक बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना 
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. शुक्रवार को न्यूनतम 17–19 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31–33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. आईएमडी के मुताबिक 29 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना है. 

यूपी में एक बार फिर बदलेगा मौसम 
उत्तर प्रदेश (यूपी) में अगले 12 घंटे के दौरान एक बार फिर से मौसम बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश पर पड़ेगा. इससे कई जिलों में आंधी-बारिश होने की संभावना है. आईएमडी ने 27 मार्च, 28 और 29 मार्च को मथुरा,आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, एटा, बुलंदशहर, मेरठ, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, संभल, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में 40 से 50 की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है.

बिहार-झारखंड में ओले गिरने की संभावना 
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार और झारखंड के कई जिलों में 27 और 28 मार्च को आंधी-पानी के साथ ओले गिरने की संभावना है. आईएमडी ने इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम ठीक नहीं रहेगा. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है. निचले क्षेत्रों में बारिश व ठंडी हवा चलेगी. इससे तापमान में गिरावट आएगी. मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों के इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. 

राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में शुक्रवार को कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है. मौसम विभाग ने 28 मार्च से जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर और शेखावटी संभाग के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है. ये मौसमी गतिविधियां 30 मार्च तक रुक-रुक कर जारी रह सकती हैं.

गुजरात और महाराष्ट्र में कैसा रहेगा मौसम 
गुजरात में शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा. इस राज्य में बारिश की संभावना नहीं है.यहां तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. महाराष्ट्र के कई हिस्सों में 27 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में इस हफ्ते भारी बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में 27 मार्च को 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ ओले गिरने की चेतावनी है. 27 से 29 मार्च के बीच यहां भारी बारिश हो सकती है.