Weather Update
Weather Update
Weather Forecast 7 March 2026: उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में अभी से गर्मी की सितम शुरू हो गया है. कई जगहों पर मार्च में मई जैसी गर्मी लग रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी. आईएमडी ने 7 मार्च को कुछ जगहों पर हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है तो कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. आइए जानते हैं शनिवार को दिल्ली-एनसीआर लेकर यूपी और बिहार तक, कहां और कैसा मौसम रहेगा?
मौसम विभाग ने सौराष्ट्र-कच्छ, गुजरात और राजस्थान के कुछ जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है. महाराष्ट्र में अगले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते 7 से 12 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कुछ बारिश होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम के इलाकों में 8 से 10 मार्च के बीच तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में खिलेगी धूप
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 7 मार्च दिन शनिवार को धूप खिलेगी. 9 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. यहां पर अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. साफ आसमान के कारण दिन में गर्मी महसूस होगी.
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मौसम शांत बना हुआ जबकि बिहार में आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है. यूपी में शनिवार को मौसम शुष्क रहेगा. आईएमडी की ओर से आंधी-पानी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. उधर, मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 9 से 11 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
झारखंड-ओडिशा में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड और ओडिशा के कई जिलों में 7 से 10 मार्च तक बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर बारिश भी होने की संभावना है. जिन स्थानों पर बारिश होगी वहां के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. झारखंड के देवघर, दुमका और जामताड़ा में बारिश के आसार ज्यादा हैं. ओडिशा में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. यहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
राजस्थान और गुजरात में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और गुजरात में आने वाले दिनों में और गर्मी बढ़ेगी. गुजरात और राजस्थान में 9 और 10 मार्च को कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी दी गई है. गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ इलाके में 10 मार्च तक गर्मी और बढ़ जाएगी.
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में शनिवार को हीटवेव का अलर्ट है, लेकिन साथ ही 12 मार्च तक हल्की बारिश की भी संभावना है. जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी 12 मार्च तक रुक-रुक कर होती रहेगी. इससे तापमान में 5-7°C की गिरावट आएगी.