scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 17 April 2026: कहीं गर्मी ने पकड़ी रफ्तार... तो कहीं आंधी-बारिश की मार, जानें दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार से लेकर अन्य राज्यों के मौसम का हाल

Weather Update: मौसम देश में अपना अलग-अलग रूप दिखा रहा है. कहीं गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है तो कहीं आंधी-बारिश से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग ने शुक्रवार को 13 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. यहां आप जान लीजिए 17 अप्रैल को कैसा रहेगा देशभर का वेदर.

Advertisement
Weather Update (Photo: PTI) Weather Update (Photo: PTI)

Weather Forecast 17 April 2026: देशभर में मौसम के दो रूप देखने को मिल रहे हैं. कहीं गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है तो कहीं आंधी-बारिश से लोग परेशान हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को 13 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर ओले गिरने और वज्रपात होने की संभावाना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. 

इन राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना 
मौसम विभाग ने जिन राज्यों में आंधी बारिश की संभावना व्यक्त की है, उनमें बिहार, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, चंडीगढ़, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम आदि शामिल हैं. मौसम विभाग बिहार में 18 अप्रैल को, ओडिशा में 17 से 21 अप्रैल  को, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 17 से 19 अप्रैल को चमक-गरज के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में 18 से 20 अप्रैल के बीच भारी बारिश होने की संभावना है. 

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 17 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के मुताबिक शाम होते-होते गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. 18 अप्रैल को भी बादल छाए रहेंगे. हालांकि बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. 18 अप्रैल के बाद से फिर से दिल्ली में धूप निकलेगी और तापमान बढ़ेगा.

यूपी में गर्मी का कहर 
उत्तर प्रदेश (यूपी) के लोग गर्मी से परेशान हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आगे भी तेज धूप निकलेगी, जिससे गर्मी और बढ़ेगी. मौसम विभाग के मुताबिक 17 अप्रैल को यूपी में एक-दो जगहों को छोड़कर कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है. लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने के अनुमान है. कानपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री  सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. 

बिहार में बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने कई जिलों में शुक्रवार को रुक-रुक कर बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 22 अप्रैल तक तापमान के 41 डिग्री तक जाने की संभावना है.

राजस्थान-गुजरात में कैसा रहेगा वेदर 
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और गुजरात में 17 अप्रैल से 20 अप्रैल के बीच कुछ जिलों में बारिश हो सकती है. 17 अप्रैल को कमजोर विक्षोभ के चलते राजस्थान के जयपुर, भरतपुर और बीकानेर के आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री रहने का अनुमान है. गुजरात में 19 और 20 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है.

उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना 
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 17 अप्रैल को बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड के देहरादनू , चमोली, बागेश्वर, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग व पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 17 से 20 अप्रैल तक बारिश हो सकती है. शुक्रवार और शनिवार को 12 जिलों में से 7 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.