scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 22 April 2026: Delhi-NCR से लेकर UP-Bihar तक लू का कहर, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम?

Weather Update: गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है. कई जगहों पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक लू का कहर जारी है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है तो कुछ राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी भी जारी की है. यहां आप पढ़ सकते हैं बुधवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update Weather Update

Weather Forecast 22 April 2026: देश के कई राज्यों में अप्रैल में ही मई और जून जैसी प्रचंड गर्मी पड़ रही है. सूर्य देवता आग बरसा रहे हैं. कई राज्यों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है. दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार से लेकर हरियाणा-पंजाब तक लू का कहर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 से 25 अप्रैल तक कई राज्यों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है तो कुछ राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी भी जारी की है. 

इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 12 राज्यों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने 22 से 25 अप्रैल के बीच पूर्वोत्तर भारत के 7 राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है. आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि होने का भी खतरा रहेगा. पश्चिम बंगाल के कुछ भागों में भी बारिश होने की संभावना है. पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते कुछ स्थानों पर हल्की बारिश एवं बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 25 और 26 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बुधवार और गुरुवार को महाराष्ट्र और गुजरात के कई जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है. 

इन राज्यों में लू का अलर्ट 
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा,  पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान में 22 से 25 अप्रैल तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है. दक्षिण भारत के राज्यों में भी भीषण गर्मी और हीटवेव का अलर्ट है. मौसम विभाग ने समूचे उत्तर भारत में अधिकतम तापमान बढ़ने और गर्मी-लू का अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है. दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 22 से 24 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा. इस दौरान बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने बुधवार को कुछ स्थानों पर लू चलने का अलर्ट जारी किया है. इस सप्ताह तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है. तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

यूपी में लू का अलर्ट 
उत्तर प्रदेश (यूपी) के लोगों को अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का कहर झेलना पड़ेगा. मौसम विभाग ने यूपी में अगले तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक लू का प्रभाव वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, जौनपुर, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, मिर्जापुर, गाजीपुर और सोनभद्र में देखने को मिलेगा. यूपी में कई जगहों का तापमान 40 डिग्री सेल्सिसय के ऊपर जा सकता है. लखनऊ में अभी से पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. बुंदेलखंड के बांदा और झांसी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. आगामी दिनों में हवाओं की गति तेज होगी और दिन के साथ रात में भी गर्मी सताएगी. लिहाजा, लोगों को अब दिन के साथ रात में भी सावधान रहने की आवश्कता है. फिलहाल, यूपी में बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है.

बिहार में गर्मी करेगी परेशान 
बिहार में हर दिन तापमान बढ़ रहा है. अप्रैल में ही गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के लोगों को अगले दो दिनों तक गर्मी खूब परेशान करेगी. दोपहर में लू चलेगी. 24 और 25 अप्रैल को राज्य के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. पटना में 24 और 25 अप्रैल को बादल छा सकते हैं.