scorecardresearch

Today Weather 28 February 2026: दिल्ली-एनसीआर... यूपी-बिहार में खिलेगी धूप, 7 राज्यों में आंधी-पानी की चेतावनी, पढ़ें आज कहां और कैसा रहेगा मौसम?

Weather Forecast: ठंड कई राज्यों से गायब हो गई है. दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार से लेकर मध्य प्रदेश-राजस्थान में तापमान हर दिन बढ़ रहा है. सर्दी के जाने के बीच मौसम विभाग ने 7 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. आइए जानते हैं शनिवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update Weather Update

IMD Weather Update: उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों से ठंड गायब हो गई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली हो या यूपी और बिहार यहां तापमान हर दिन बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक इस सप्ताह इन राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है.  सर्दी के जाने के बीच मौसम विभाग ने 7 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में 28 फरवरी को बारिश होने की संभावना है, उनमें असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम, केरल, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर शामिल हैं. आईएमडी के मुताबिक इन राज्यों में बारिश के दौरान 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंट के रफ्तार से हवाएं चलेंगी. मौसम विभाग ने कमजोर पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 3 और 4 मार्च को हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है.

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 28 फरवरी से 2 मार्च तक आसमान साफ रहेगा. राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को धूप खिलेगी, जिससे तापमान बढ़ेगा. दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली-एनसीआर में अभी कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है. 

यूपी-बिहार में बारिश की संभावना नहीं  
IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार में 28 फरवरी को बारिश होने की संभावना नहीं है. उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. इसके चलते तापमान बढ़ सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक हो सकता है. होली तक यूपी में गर्मी बढ़ेगी. मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार में किसी भी तरह के आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी नहीं जारी की है. बिहार का शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड में हो सकती है बारिश और हल्की बर्फबारी 
मौसम विभाग ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. बारिश के चलते इन राज्यों के तापमान में गिरावट आ सकती है. इससे ठंड बढ़ सकती है. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार जल्द ही उत्तराखंड के कुछ निचले जिलों में न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है.

मध्य प्रदेश-राजस्थान में आज मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश और राजस्थान में मौसम शनिवार को शुष्क रहेगा. कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है. मध्य प्रदेश के कई जिलों में 28 फरवरी को तेज धूप खिलेगी, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. भोपाल और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 30°C से 32°C के आसपास रहने की संभावना है. राजस्थान में आसमान साफ रहने से तापमान बढ़ेगा. बाड़मेर, बीकानेर और जैसलमेर में गर्मी का असर अधिक दिखेगा, जहां अधिकतम तापमान 33°C से 36°C तक जा सकता है.