Weather Update
Weather Update
Weather Forecast 3 May 2026: देश के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है. बारिश का यह दौर अभी खत्म होने वाला नहीं है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) रविवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 3 मई को 17 राज्यों में बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रह सकती है. पूर्वी भारत में आसमान से बिजली गिरने और वज्रपात होने की संभावना है.कुछ राज्यों में ओले भी गिर सकते हैं.
आज इन इन 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को जिन 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और असम शामिल हैं. इन राज्यों के लोगों को बारिश होने से गर्मी से राहत मिल सकती है. तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की कमी हो सकती है.
आज दिल्ली-एनसीआर में क्या होगी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार की देर शाम में बारिश होने से मौसम अच्छा हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक 3 मई को भी दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादलों का आना-जाना रहेगा. आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में 4 मई और 5 मई को एक बार फिर से आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रफ्तार से हवा चल सकती है. दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
यूपी के कई जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश (यूपी) के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 3 मई को भी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. आईएमडी के मुताबिक रविवार को जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, आगरा, गोरखपुर, मेरठ, कानपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर, बाराबंकी, सहारनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, देवरिया और गोंडा शामिल हैं. इन जिलों में तेज आंधी आने की भी संभावना है. रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी
बिहार के लोगों को शनिवार को बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है. भारतीय मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में 3 मई को भी बारिश के आंधी चलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें पटना, गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, नालंदा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, बेगूसराय, अररिया, खगड़िया और भागलपुर शामिल हैं. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी इलाकों में ही नहीं बल्कि पहाड़ों पर भी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में रविवार को भारी बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में 3 मई को बारिश हो सकती है. देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. उधर, हिमाचल प्रदेश में भी रविवार को बारिश होगी. IMD के मुताबिक शिमला, कांगड़ा, मंडी, लाहौल-स्पीति, सोलन और बिलासपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. रविवार को मनाली में अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहेगा.