scorecardresearch

Today Weather 4 June 2026: यूपी-बिहार से लेकर केरल तक बदलेगा मौसम! आज 12 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, पढ़ें अपने यहां का वेदर रिपोर्ट

Aaj ka Mausam: देशभर  के मौसम में 4 जून 2026 से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक केरल में गुरुवार को मॉनसून दस्तक देने वाला है. मौसम विभाग ने 12 राज्यों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. यहां आप जान सकते हैं अपने यहां का वेदर रिपोर्ट.

Advertisement
Aaj ka Mausam Aaj ka Mausam

यूपी और बिहार से लेकर केरल तक में 4 जून 2026 से मौसम बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल में गुरुवार को प्रवेश कर सकता है और इसके प्रभाव से दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पश्चिमी तटीय राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है. केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और लक्षद्वीप में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 4 जून को 12 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है.

 यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में गुरुवार को बारिश की संभावना है. इस दौरान कई जगहों पर 80  से  90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी. पूर्वी राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में भी गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. अरुणाचल में 4-8 जून के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई गई है. असम-मेघालय में 5-8 जून को भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. 

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए 4 से 6 जून तक गरज के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. 4 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. गुरुवार को तेज हवाओं के साथ कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 

उत्तर प्रदेश में कहीं आंधी-बारिश तो कहीं चुभेगी गर्मी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 जून को भी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिलेगा. कहीं आंधी-बारिश होगी तो कहीं गर्मी चुभेगी. गुरुवार को नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ,  मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मथुरा और आगरा में तेज धूप के साथ गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा सकता है. हालांकि, दोपहर बाद कुछ स्थानों पर बादल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. लखनऊ, कानपुर, सीतापुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली और हरदोई में आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज होने की संभावना है. वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर और जौनपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

बिहार में मौसम का डबल अटैक
बिहार में 4 जून को मौसम एक साथ दो अलग रंग दिखाने वाला है. जहां उत्तर-बिहार के लोगों को आंधी-पानी से थोड़ी राहत मिल सकती है. वहीं दक्षिण बिहार की तरफ बढ़ती तपिश आने वाले दिनों में और मुश्किल बढ़ाने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल भीषण गर्मी और लू से स्थायी राहत मिलने के आसार नहीं हैं. बल्कि अगले 2-3 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. जिसके बाद 5 जून से दक्षिण-पश्चिमी बिहार में भीषण लू का प्रकोप शुरू हो जाएगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में बिजली गिरने की प्रबल आशंका है. इस दौरान क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. उधर, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में गुरुवार को मौसम शुष्क रहेगा. बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में भी आसमान साफ रहेगा. 

पंजाब-हरियाणा और उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा में गुरुवार को बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम में परिवर्तन 6 जून तक रहेगा. उधर, उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में 4 जून को गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है. ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है. देहरादून, टिहरी, चमोली, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में आंधी-पानी की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी.