scorecardresearch

Aaj Ka Mausam 7 June 2026: आज कहां होगी मूसलाधार बारिश और कहां चलेगी आंधी? यहां बस एक क्लिक में जानिए दिल्ली-एनसीआर, यूपी-बिहार से लेकर अन्य राज्यों के मौसम का हाल

Weather Update: मॉनसून केरल से होकर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. कई जगहों पर मूसलाधार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 7 जून को 19 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. यहां आप पढ़ सकते हैं रविवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update Weather Update

केरल में मॉनसून की दस्तक और पश्चिमी विक्षोभ के चलते पूरे देश के मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. कहीं आंधी चल रही है तो कहीं बारिश हो रही है, वहीं कई जगहों पर लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 जून 2026 को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड सहित 19 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. कई जगहों पर ओले गिरने और वज्रपात होने की भी संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की अपील की है. यहां आप पढ़ सकते हैं रविवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

आज किन राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना 
मौसम विभाग ने 7 जून को 19 राज्यों में आंधी चलने और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. मौसम विभाग ने जिन राज्यों में बारिश होने की चेतावनी दी है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, त्रिपुरा और मेघालय शामिल हैं. 

आज दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम 
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को कुछ दिनों से भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 7 जून को आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. बारिश के चलते तापमान में कमी देखने को मिल सकती है. दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.

यूपी में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में 7 जून को बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. वाराणसी, चंदौली, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शाहजहांपुर, मोरादाबाद, हमीरपुर, आजमगढ़, गोरखपुर और प्रयागराज में रविवार को आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है. बारिश के दौरान कई जगहों पर 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.

बिहार में आंधी-पानी की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में 7 और 8 जून को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, उनमें पटना, बक्सर, गया, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, सिवान, सारण, नालंदा और वैशाली शामिल हैं. रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. 

झारखंड में क्या होगी बारिश 
मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में 7 और 8 जून को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. रांची, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, साहेबगंज, सरायकेला, पलामू, दुमका, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.

राजस्थान और पंजाब के कई जिलों में बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने राजस्थान और पंजाब के कई जिलों में 7 जून को बारिश का अलर्ट जारी किया है. राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश होने की संभावना है. उधर, पंजाब के चंडीगढ़, पटियाला, लुधियाना, पठानकोट, बरनाला, मनसा, गुरदासपुर, जालंधर और सास नगर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. 

पूर्वोत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 7 से 12 जून के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 8-9 जून को गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.