Weather Update
Weather Update
Weather Forecast 9 May 2026: देश में मौसम अपना अलग-अलग रूप दिखा रहा है. कहीं बारिश हो रही है तो कहीं तेज धूप निकल रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 मई 2026 को देश के 17 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कई जगहों पर वज्रपात और आसमानी बिजली कहर बरपा सकती है. आंधी-पानी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और बिजली कड़कने के दौरान लोगों को पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.
क्या दिल्ली-एनसीआर में आज होगी बारिश
मौसम विभाग ने 9 मई को दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है. शनिवार को गर्मी लोगों को परेशान करेगी. दिन के समय लू भी चल सकती है. देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश (यूपी) के 16 जिलों में 9 मई को आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. यूपी के जिन जिलों में शनिवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, मऊ, बलिया, देवरिया, चंदौली, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर और महाराजगंज शामिल हैं. इस दौरान इन जिलों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. इन इलाकों में आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका. लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
बिहार और झारखंड में बारिश-तूफान की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने 9 मई को बिहार और झारखंड में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है. बिहार के गया, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सिवान, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय में शनिवार को बारिश-आंधी का अलर्ट है. राज्य की राजधानी पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर, झारखंड की राजधानी रांची, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो और खूंटी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इन दोनों राज्यों में शनिवार को 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी. झारखंड में शनिवार को ओले गिरने की भी संभावना है. रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 11 मई को बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में 11 मई बारिश का येलो अलर्ट है. देहरादून में शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. उधर, हिमाचल प्रदेश में 11 मई को शिमला, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, सोलन और चंबा में बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. शनिवार को मनाली का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वोत्तर राज्यों असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 मई तक बारिश जारी रह सकती है. दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में अगले सात दिनों तक बारिश का अलर्ट है. लक्षद्वीप में 9 और 10 मई को बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 9 मई को तूफानी हवाओं का अलर्ट है. महाराष्ट्र में आंधी-तूफान की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसकी वजह से 11 से 14 मई के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का एक और नया दौर शुरू होगा.