Delhi-NCR Weather Update
Delhi-NCR Weather Update
Weather Update: उत्तर भारत में मौसम ने अचानक बुधवार को करवट ले ली है. सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे.
दिल्ली-एनसीआर में दोपहर से पहले गरज के साथ बिजली चमकने और बारिश होने व 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बुधवार सुबह मयूर विहार, अक्षरधाम, ओखला बर्ड सेंचुरी, कालिंदी कुंज, नोएडा सेक्टर 15 सहित दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल फिलहाल मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं है. अभी दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम के रंग बदलते रूप देखने को मिल सकते हैं.
उत्तर प्रदेश में बुधवार को कैसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश के मौसम में बुधवार को बड़ा बदलाव हो सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि भी हो सकती है. उधर, पूर्वी और मध्य यूपी के शहरों में धूप निकलेगी. नोएडा में बुधवार को पूरे दिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है.
बिहार में मौसम का यू टर्न
बिहार में मौसम ने यू टर्न ले लिया है. बिहार के लोग जहां पहले ठंड और कोहरे से परेशान थे तो वहीं अब सूरज की तपिश ने लोगों को हैरान कर दिया है. फरवरी में ही तापमान का ग्राफ लगातार ऊपर चढ़ने लगा है. ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक बिहार के 6 जिलों में अधिकतम तापमान 30° डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है, जबकि 15 जिलों में पारा 29°C-32°C के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. IMDके आंकड़ों को देखें तो बीते दिन यानी मंगलवार को सबसे गर्म जिला कैमूर रहा, जहां 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. मौसम विभाग ने एक महत्वपूर्ण चेतावनी दी है. भले ही दिन में धूप तेज हो लेकिन रात और तड़के सुबह का न्यूनतम तापमान अभी भी 14°C के आसपास बना रहेगा.
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
IMD में बुधवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. 18 और 19 फरवरी को उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
इन राज्यों में भी हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इन राज्यों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है. अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में रात का तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद दो दिनों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण तमिलनाडु के कम से कम 10 जिलों में बुधवार को भारी बारिश होने की संभावना है. राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में बुधवार दोपहर बाद हल्की बारिश हो सकती है.