scorecardresearch

Aaj ka Mausam 30 April 2026: कहीं आंधी-बारिश तो कहीं भीषण गर्मी-लू का अलर्ट, जानें आज दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक कैसा रहेगा मौसम?

Weather Update: मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. कहीं तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है, तो कहीं भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है. मौसम विभाग ने गुरुवार को कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की है. कई राज्यों में  गर्मी प्रचंड रूप दिखाएगी. यहां आप वेदर रिपोर्ट पढ़ सकते हैं.

Weather Update Weather Update

कई राज्यों के लोग प्रचंड गर्मी से परेशान हैं तो वहीं कुछ राज्यों में बारिश और आंधी ने परेशानी बढ़ा रखी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक गुरुवार को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी अपना तेवर दिखाएगी. लू चलने से लोगों को परेशानी होगी. उधर, मध्य और दक्षिण भारत प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज होने से बारिश होने की संभावना है. 

30 अप्रैल 2026 को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इससे इन राज्यों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग ने गुरुवार को पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. इन राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. उधर, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है.

आज दिल्ली-एनसीआर में क्या होगी बारिश 
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को सुबह में धूप खिलेगी. इससे उमस बढ़ेगी. दोपहर बाद मौसम में बदलाव हो सकता है. आसमान में आंशिक बादल छाने, आंधी चलने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. 30 अप्रैल को दिन का अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. शाम के समय हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं से रात के तापमान में गिरावट आएगी. दिल्ली में 1 मई और 2 मई 2026 को मौसम साफ होने की संभावना है.

यूपी में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने 30 अप्रैल को 40 से ज्यादा जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा, आगरा, शाहजहांपुर, बदायूं, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, झांसी, जौनपुर, सोनभद्र, लखीमपुर खीरी, चंदौली, फर्रुखाबाद, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, बांदा, मिर्जापुर, चित्रकूट, महोबा, जौनपुर, भदोही, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली और कौशांबी शामिल हैं.

बिहार में बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में 30 अप्रैल से 1 मई के बीच बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने बिहार के 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावन  है. मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है. बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.

पंजाब-हरियाणा में गर्मी करेगी परेशान 
मौसम विभाग के मुताबिक 30 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा में बारिश होने की संभावना नहीं है. इन दोनों राज्यों में गर्मी बढ़ने की संभावना है. इन राज्यों में  गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. रात के समय भी तापमान 25 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है.