Weather Update
Weather Update
Weather Forecast 4 April 2026: जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है. मौसम विभाग ने 4 अप्रैल को 9 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है. 5 अप्रैल को भी देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है. 8 अप्रैल 2026 तक देश के अधिकतर राज्यों में आंधी-पानी का दौर जारी रहेगा.
मौसम विभाग ने शनिवार को जिन 9 राज्यों में बारिश की संभावना व्यक्त की है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश शामिल हैं. इन राज्यों में गरज-चमक और आंधी के साथ 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.इनके अलावा 4 से 9 अप्रैल के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. 4 और 5 अप्रैल को महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में बारिश हो सकती है. केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में 4 से 7 अप्रैल के दौरान बारिश होने की संभावना है. पूर्वोत्तर भारत में मौसम खराब रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और असम में 5 और 6 अप्रैल को, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 4 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
आज और कल दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 4 और 5 अप्रैल को तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान कई जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं. बारिश से तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है. 6 अप्रैल को मौसम में थोड़ी राहत देखने को मिलेगी. इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश (यूपी) में 4 और 5 अप्रैल को मौसम बिगड़ा हुआ रहने वाला है. IMD ने 4 से 6 अप्रैल तक यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में भारी बारिश और ओलों के गिरने की संभावना अधिक है, उनमें लखनऊ, कानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, महामायानगर, हमीरपुर, महोबा, फिरोजाबाद, झांसी, जालौन और हरदोई शामिल हैं. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी चलने की संभावना है. आंधी-पानी से तापमान में अचानक गिरावट आ सकती है.
बिहार में आंधी-पानी की संभावना
मौसम विभाग ने बिहार में 5 से 8 अप्रैल के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD ने जहां बारिश होने की संभावना व्यक्त की है, उनमें पटना, भोजपुर, गया, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण शामिल हैं. बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली और वज्रपात की भी चेतावनी है. मौसम विभाग ने खासकर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है. 6 और 7 अप्रैल को राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का असर और बढ़ सकता है. इससे तापमान में गिरावट आएगी.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4 से 7 अप्रैल के बीच मौसम खराब रहेगा. उत्तराखंड में नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, उधम सिंह नगर और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की चेतावनी है. इस दौरान यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, किन्नौर, चंबा और सिरमौर में 4 और 5 अप्रैल को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है.
पंजाब और हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में 4 और 5 अप्रैल को बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. अंबाला, यमुना नगर, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी में आंधी-पानी आने की संभावना है. उधर, पंजाब में 4 और 6 अप्रैल को मौसम खराब रहने वाला है. इस दौरान चंडीगढ़, अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब में बारिश, तूफान और बिजली गिरने की संभावना है.
राजस्थान-मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी 4 अप्रैल को बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने शनिवार को राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अलवर, चित्तौड़गढ़, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा और प्रतापगढ़ में बारिश की चेतावनी जारी की है. उधर, मध्य प्रदेश में भोपाल, सतना, पन्ना, कटनी, दमोह, छतरपुर, मोरेना, निवाड़ी और बैतूल में बारिश का अलर्ट है.