Weather Update
Weather Update
Weather Update: कई राज्यों में मौसम अभी भी खराब ही रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक अप्रैल में आंधी-तूफान और बारिश होने की मुख्य वजह वेस्टर्न डिस्टर्बेस यानी पश्चिमी विक्षोभ है. इस बार अप्रैल में भी लगातार दो-तीन विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं. इनकी वजह से उत्तर भारत में बादल छाए रहने के साथ आंधी-बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है. IMD के मुताबिक 11 अप्रैल को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है, जिससे एक बार फिर मौसम करवट लेगा. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का कहर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने गुरुवार को 13 राज्यों में आंधी-तूफान आने और भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है.
आज कहां-कहां आंधी-बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 9 अप्रैल को देश के 13 राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. उत्तर भारत के राज्यों में गुरुवार को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में छिटपुट बारिश हो सकती है. इस दौरान कई जगहों पर 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं. पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश होने की सभावना है. मध्य भारत में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में छिटपुट बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ जिलों में आंधी-बारिश आ सकती है. इस दौरान कई इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली-एनसीआर में 9 से 11 अप्रैल तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 9 अप्रैल दिन गुरुवार को आकाश साफ रहेगा. बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस हो सकता है. गुरुवार को 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. मौसम विभाग के मुताबिक 10 अप्रैल और 11 अप्रैल 2026 को भी दिल्ली में बारिश होने की संभावना नहीं है.
यूपी में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक उत्तर प्रदेश (यूपी) में अभी मौसम सुधरने वाला नहीं है. मौसम विभाग ने 9 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. बारिश होने से तापमान 2 से 4 डिग्री और नीचे जाने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और इटावा में ओलावृष्टि हो सकती हैं. नोएडा, मथुरा, कासगंज, बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, आगरा, इटावा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. गुरुवार को लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बांदा, फतेहपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरेखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, नोए़डा, सहारनपुर, शामती मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद मैनपुरी, इटावा, औरेया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, झांसी और ललितपुर में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात गिरने की संभावना है.
बिहार में कई जिलों में आज होगी बारिश
मौसम विभाग ने 9 अप्रैल को बिहार के कई जिलों में आंधी-पानी आने और वज्रपात गिरने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश और आंधी आने की संभावना व्यक्त की है, उनमें दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, वैशाली, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, अररिया और किशनगंज शामिल हैं.
उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर रहेगा जारी
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अभी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा. 9 अप्रैल को उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. देहरादून में गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हिमाचल प्रदेश में 9 और 10 अप्रैल को मौसम खराब रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 9 अप्रैल को शिमला, कांगड़ा, कसौली, कुफरी समेत कई जिलों गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.