scorecardresearch

जंतर मंतर से अरविंद केजरीवाल ने किया लोगों को संबोधित, बोले देश से भाजपा की उल्टी गिनती शुरू

जंतर मंतर से अरविंद केजरीवाल ने बोला, मोदी जी कहते रहे दिल्लीवालों का ‘बेटा’ भ्रष्ट है, लेकिन कोर्ट ने साफ कर दिया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार था, है और रहेगा.

Arvind Kejriwal At Jantar Mantar Arvind Kejriwal At Jantar Mantar

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर विशाल रैली कर देश को संबोधित किया. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 140 करोड़ लोग मिलकर देश से तानाशाह सरकार उखाड़ फेंकेंगे. ये लोग सत्ता की राजनीति करें और हम जनता के लिए काम करेंगे. आज से यह बदलाव की गिनती शुरू हो गई है. उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए इलज़ामों की बात करते हुए कहा कि मोदी जी कहते रहे कि दिल्लीवालों का ‘बेटा’ भ्रष्ट है, लेकिन कोर्ट ने साफ कर दिया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार था, है और रहेगा. 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग आकर लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ मोदी जी को पूर्ण बहुमत दिया. लेकिन आज देश का हर सेक्टर बर्बाद हो गया है. इस दौरान दिल्ली, पंजाब, गुजरात, गोवा से आए ‘आप’ नेताओं, कार्यकर्ताओं और हजारों आम लोगों ने ‘पढ़ा-लिखा दमदार है, मेरा केजरीवाल कट्टर ईमानदार है’ के जमकर नारे लगाए.

भाजपा ने किया दिल्लीवालों को परेशान: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार साल से पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने षड्यंत्र रच कर दिल्लीवालों को बहुत परेशान किया. उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए इलाज़ामों को गिनवाया. उन्होंने कहा कि जज साहब ने फैसला सुनाया है कि मोदी जी झूठ बोल रहे हैं, केजरीवाल कट्टर ईमानदार है. साथ ही पूरा केस फर्जी है, कोई सबूत केस में नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि सदियों बाद ऐसा फैसला आया है. केजरीवाल का कहना है कि कोर्ट का यह फैसला मोदी जी, अमित शाह और भाजपा के गाल पर जोरदार तमाचा है. 

भाजपा ने देश को कुछ नहीं दिया
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में हुए घोटालों परेशान लोगों ने उम्मीदों के साथ मोदी जी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई. मोदी जी को प्रधानमंत्री बने 12 साल हो गए, लेकिन जनता को कुछ नहीं मिला. लोगों की जिंदगी नहीं सुधरी. देश का एयरलाइन, रेलवे, बैंक, स्कूल, अस्पताल समेत हर सेक्टर बर्बाद है. 12 साल में इन लोगों ने देश को बर्बाद कर दिया.  

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी ब्रिज और पुलों का उद्घाटन करके आते हैं. उद्घाटन किए एक महीना नहीं होता है और ब्रिज गिर जाता है, सड़क टूट जाती हैं. पूरे देश में पेपर लीक हो रहा है. 

युवाओं की पार्टी है 'आप'
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने आम लोगों को टिकट दिए. देश के युवाओं ने अपनी नौकरियां छोड़ दीं और राजनीति में आ गए. सबको लगा कि अब हम मिलकर देश बदलेंगे. आम आदमी पार्टी में सभी आम लोगों के युवा हैं और मंत्री, मुख्यमंत्री, विधायक बन गए. हमारी सोच थी कि युवाओं को राजनीति में आना चाहिए.

भाजपा पर लगाए नौकरी छीनने के आरोप
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 हजार बस मार्शल निकाल दिए. हजारों डीटीसी चालकों, कंडक्टरों को निकाल दिए. मोहल्ला क्लीनिक के कर्मचारियों को निकाल दिए. डिम्स के कर्मचारियों को भी निकाल दिए. अस्पताल में काम करने वाले डेटा इंट्री ऑपरेटर भी निकाल दिए. इतनी महंगाई में बड़ी मुश्किल से नौकरी मिलती है. 

उन्होंने कहा कि 4 अप्रैल 2011 को इसी जंतर मंतर पर देश के लोगों ने हुंकार भरी थी और देश से कांग्रेस का सफाया हो गया था. आज जंतर मंतर का यह दिन भी ऐतिहासिक है. एक मार्च 2026 के बाद भाजपा की देश भर से उल्टी गिनती शुरू हो गई है.