Arvind Kejriwal, Bhagwant Singh Mann and other AAP Leaders.
Arvind Kejriwal, Bhagwant Singh Mann and other AAP Leaders.
आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा की गुजरात सरकार के बजट में आम जनता की अनदेखी करने पर तीखा हमला बोला है. AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बजट हर वर्ग के साथ धोखा है. बजट में स्कूल, अस्पताल, सड़कों, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं समेत किसी तबके के लिए कुछ भी नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो भाजपा की जेब में है. जनता कांग्रेस को वोट नहीं देगी, इसलिए भाजपा को घमंड हो गया है कि उसे काम करने की क्या जरूरत है? जनता उसे छोड़ कर कहां जाएगी? यह बजट भाजपा सरकार के घमंड को दिखाता है. कांग्रेस और भाजपा से निराश गुजरात के लोग आम आदमी पार्टी की तरफ बड़ी उम्मीद से देख रहे हैं और इसका बदला बदलाव लाकर लेंगे.
गुजरात सरकार को जनता के वोट की परवाह ही नहीं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दो-तीन दिन पहले गुजरात का बजट आया है. लोगों को बजट से बहुत उम्मीदें होती हैं. आम आदमी के घर का बजट काफी हद तक सरकारी बजट पर निर्भर करता है. क्या सस्ता और क्या महंगा होगा, शिक्षा, स्वास्थ्य का क्या होगा, यह सब बजट तय करता है. बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि गुजरात भाजपा सरकार के इस बजट में आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पौने दो साल बाद गुजरात विधानसभा का चुनाव होगा. अक्सर देखा गया है कि चुनाव करीब आने पर सत्ता में बैठी पार्टियां जनता से डरती हैं और कुछ सहूलियतें देती हैं ताकि जनता का वोट मिल जाए. गुजरात सरकार को जनता के वोट की परवाह ही नहीं है. दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में हर परिवार को 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा दिया है.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक भाजपा नेता ने बताया कि हमें गुजरात में लोगों को कोई स्वास्थ्य बीमा देने की जरूरत ही नहीं है. उसका कहना है कि गुजरात की जनता भाजपा को छोड़कर कहां जाएगी? भाजपा को इतना घमंड हो गया है. भाजपा वालों को पता है कि गुजरात की जनता देख रही है कि कांग्रेस वाले भाजपा की जेब में हैं. गुजरात की जनता कांग्रेस से नफरत करती है और उसे वोट नहीं देना चाहती है. भाजपा को अहंकार हो गया है कि उसे कुछ करने की जरूरत ही नहीं है. इसलिए पूरा बजट सिर्फ लूटने के लिए रखा जाता है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के राज में गुजरात में जब मर्जी बिजली आती है, सड़कों का बुरा हाल है. गुजरात में शिक्षा, स्वास्थ्य का बुरा हाल है. किसानों के लिए सिंचाई का पानी नहीं है. जब 2022 में पंजाब में आप की सरकार बनी तो सिर्फ 23 फीसद खेतों तक सिंचाई के लिए पानी की पहुंच थी लेकिन आज 4 साल बाद 67 फीसद खेतों तक पानी पहुंच गया है. सच तो यह है कि भाजपा को गुजरात में काम करने की जरूरत ही नहीं महसूस होती है, इसलिए आज गुजरात की जनता आम आदमी पार्टी की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रही है.
बोले मान- गुजरात का बजट बड़े व्यापारियों के लिए बनाया गया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बजट लाखों-करोड़ों रुपए का होता है, लेकिन आम लोगों के लिए उसका सदुपयोग नहीं हो पाता है और यह बहुत लंबे समय से देखा जा रहा है. इस बार देश और गुजरात का बजट लगभग एक जैसा ही है, क्योंकि इसमें आम लोगों, किसानों, महिलाओं, गरीब तबके, छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के लिए कुछ भी नहीं है. केंद्रीय बजट बड़े व्यापारियों के लिए बनाया जाता है, तो गुजरात का बजट भी बड़े व्यापारियों के लिए ही बनाया गया है. जब विपक्ष न हो या सरकार को विपक्ष की परवाह न हो, तब ऐसे बजट आते हैं. गुजरात में भाजपा 30 साल से राज कर रही है और उन्हें पता है कि विपक्ष है ही नहीं. कांग्रेस उनके साथ ही है, कांग्रेस के उनके साथ साझे व्यापार हैं और आपस में साझेदारी है, तो फिर विरोध कोई नहीं करेगा.
भगवंत मान ने कहा कि हर व्यक्ति टैक्स देता है. सुबह उठकर चाय बनानी हो, लाइटर की गैस हो, माचिस की तीली हो, चायपत्ती, चीनी या दूध हो, सब पर टैक्स लगता है. जब लोग सोते हुए भी टैक्स दे रहे हैं, तो वह पैसा कहां जाता है? क्योंकि आम लोगों को तो यह पैसा कभी वापस नहीं मिला. भगवंत मान ने बताया कि जब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने सरकार संभाली थी, तो 30,000 करोड़ रुपए का बजट था और सरकार छोड़ने के समय यह 66,000 करोड़ रुपए हो गया था. दिल्ली में 24 घंटे बिजली मिल रही थी, स्कूल अच्छे हो गए थे, निजी स्कूलों की फीस बढ़ने पर रोक लगी और स्कूलों के बुनियादी ढांचे पर पैसा खर्च हुआ. सरकारी स्कूलों में स्विमिंग पूल और लिफ्ट लग गईं और वे कमाल के बन गए. गुजरात में एकतरफा व्यवस्था है, जहां सिर्फ पैसा जाता है, वापस नहीं आता और बड़े-बड़े लोगों के पास चला जाता है. भगवंत मान ने बताया कि पंजाब में आप सरकार ने चार बजट पेश किए हैं और 8 मार्च को पांचवा बजट आएगा.
पंजाब में 90 फीसदी घरों का बिजली का बिल शून्य आता है, फिर भी वहां का बिजली बोर्ड घाटे में नहीं है. भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार की नीयत अच्छी है और हम जनता का पैसा जनता के काम में लगाते हैं और पैसा बचाते हैं. उन्होंने गुजरात की जनता से कहा कि क्योंकि विपक्ष नहीं है, इसलिए दोनों (सत्तारूढ़ और प्रमुख विपक्षी दल) मिलकर खेल रहे हैं. आम आदमी पार्टी आम लोगों की पार्टी है. गुजरात के लोगों ने आम आदमी पार्टी को पिछले दिनों जो प्यार दिया है और उनकी आंखें जो बता रही हैं, वह यह है कि वे भाजपा राज में इस आर्थिक बोझ तले दबे हुए हैं और उन्हें बचाया जाए. यह काम सिर्फ अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी और आम लोग ही कर सकते हैं. भगवंत मान ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे विश्व गुरु बनने की बात करते हैं, लेकिन पहले लोगों को रोजगार दें और भूख मिटाएं.