मृतक रोशनी
मृतक रोशनी
कानपुर के गुजैनी इलाके में एक परिवार में मनाया गया शादी की सालगिरह का जश्न मातम में बदल गया. दरअसल सालगिरह की रात को हुए विवाद के बाद अच्छा खासा हंसता-खेलता परिवार गम में दूब गया.
मामला मर्दनपुर निवासी 20 वर्षीय रोशनी के साथ हुआ, जिसका निधन रविवार सुबह हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया. परिजनों का कहना है कि विवाद के बीच रोशनी ने अपनी 14 महीने की बच्ची को नीचे फेंक दिया, जिसे नीचे पति नूर आलम ने लपक लिया. इसके तुरंत बाद वह दूसरी मंजिल से कूद गईं.
परिवार ने खुशी-खुशी काटा केक
परिवार के मुताबिक, 7 अक्टूबर को नूर आलम, जो सिलाई का काम करते हैं और रोशनी की शादी को तीन साल पूरे हुए थे. रोशनी की बड़ी बहन ईशरत भी मौके पर आई थीं. सबने केक काटा और साथ खाना खाया.
बहन से हुआ विवाद गुजरा नागवार
रात में किसी बात पर नूर आलम और ईशरत के बीच बहस हो गई और ईशरत घर से निकलने लगीं. रोशनी ने रोकना चाहा, पर बहन नहीं मानीं. परिजनों के अनुसार इसी बात से आहत होकर रोशनी नाराज हो गई, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया. उसने पहले बच्चे को छत से फेंका फिर खुद छलांग लगा दी.
हादसे के बाद मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने बच्ची को खतरे से बाहर बताया. रोशनी की हालत नाजुक थी, इसलिए 9 अक्टूबर को उन्हें हैलट रेफर किया गया, जहां दो दिन बाद उनकी जान चली गई.
पुलिस ने भेजा शव पोस्टमार्टम को
सूचना पाकर गुजैनी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस के अनुसार परिजन पहले इसके लिए राजी नहीं थे, पर थाना प्रभारी राजन शर्मा के समझाने पर तैयार हुए. उन्होंने बताया कि अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है; शिकायत आने पर तथ्यों के आधार पर जांच कर कानूनी कार्रवाई होगी.