scorecardresearch

Surat News: गरबा पंडाल में भक्ति की जगह बजे अश्लील गाने, तो लोगों में जागी नाराजगी... वीडियो वायरल होते ही पहुंचा बजरंग दल

गरबा पंडालों में आम तौर पर भक्ति से जुड़े गीत बजते हैं, लेकिन एक पंडाल में अश्लील गाने बजने लगे जिनपर युवा थिरकने लगे. इससे लोगों में नाराजगी जान. साथ ही वीडियो वायरल हो गया. जिसके बाद बजरंग दल के मेंबर मौके पर पहुंचे और आयोजकों से बात कर गानों को रुकवाया.

Advertisement
अश्लील गानों के बाद पहुंचा बजरंग दल अश्लील गानों के बाद पहुंचा बजरंग दल

गुजरात में नवरात्रि के दौरान पारंपरिक गरबा की धूम रहती है. मां दुर्गा की आराधना और धार्मिक आस्था के इस पर्व पर गरबा आयोजन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है. लेकिन सूरत के डुमस इलाके में स्थित ‘अवैध यूटोपिया’ में नवरात्रि के नाम पर आयोजित कार्यक्रम में बॉलीवुड के अश्लील गाने बजाने और उन पर युवाओं से डिस्को डांस करवाने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया.

कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही गरबा प्रेमियों और धर्मप्रेमी लोगों में नाराजगी फैल गई.इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर आयोजकों के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया.

अश्लील गानों से धार्मिक भावनाओं को पहुंची ठेस

सूरत सहित पूरे गुजरात में नवरात्रि महोत्सव के दौरान पारंपरिक गरबा का आयोजन किया जाता है. इसी बीच डुमस स्थित ‘अवैध यूटोपिया’ में नवरात्रि के नाम पर आयोजित कार्यक्रम में गरबा की जगह बॉलीवुड के द्विअर्थी और कथित अश्लील गाने तेज आवाज में बजाए जा रहे थे. इन गानों पर युवक-युवतियों को डिस्को डांस करते हुए देखा गया. कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने के आरोप लगने लगे. 

वीडियो वायरल के बाद मौके पर बजरंग दल

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए. कार्यकर्ताओं ने आयोजकों के सामने विरोध दर्ज कराते हुए कार्यक्रम में बजाए जा रहे गानों और डिस्को डांस पर आपत्ति जताई. उन्होंने सवाल किया कि जब नवरात्रि मां दुर्गा की आराधना का पर्व है, तो इसके नाम पर अश्लीलता और डिस्को डांस को बढ़ावा क्यों दिया जा रहा है? 

विरोध के दौरान आयोजकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस होने की स्थिति बन गई. अचानक हुए विरोध और हंगामे के कारण कार्यक्रम स्थल पर माहौल तनावपूर्ण हो गया. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आयोजकों को स्पष्ट रूप से अपनी आपत्ति बताई और नवरात्रि के धार्मिक स्वरूप तथा पारंपरिक गरबा की मर्यादा बनाए रखने की मांग की.

आयोजकों ने मांगी गलती पर माफी

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के कड़े विरोध के बाद आयोजकों ने अपनी गलती स्वीकार की. आयोजकों की ओर से आश्वासन दिया गया कि भविष्य में नवरात्रि के दौरान इस प्रकार के कथित अश्लील या द्विअर्थी बॉलीवुड गाने नहीं बजाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि आगे से कार्यक्रम में केवल पारंपरिक गरबा आयोजित किया जाएगा और हिंदू धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखा जाएगा.

आयोजकों की ओर से भविष्य में इस तरह की घटना नहीं दोहराने का भरोसा दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ. इस तरह सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से शुरू हुआ विवाद आयोजकों के आश्वासन और गलती स्वीकार करने के बाद समाप्त हो गया.