कार को टक्कर मारते हुए डिजायर
कार को टक्कर मारते हुए डिजायर
अहमदाबाद में इस्कॉन ब्रिज के पास देर रात एक बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार कंट्रोल के बाहर हो गई. जिसके बाद उसने सर्विस रोड पर खड़ी इनोवा को जोरदार टक्कर मार दी. इतना ही नहीं, स्विफ्ट डिजायर की टक्कर से BMW समेत कुल तीन गाड़ियों को नुक़सान पहुंचा. गनीमत रही की इस दुर्घटना में कोई जानहानि नहीं हुई. डिजायर कार के ड्राइवर का लापरवाही के साथ गाड़ी चलाने का तरीका पास के सीसीटीवी में कैद हो गया.
कार घूम गई 180 डिग्री, बोनट की जगह आई डिग्गी
सीसीटीवी में कैद वीडियो में देखा जा सकता है कि रात के समय पकवान चौराहे की तरफ से एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखती है. ब्रिज के नीचे की तरफ से होते हुए कार आगे बढ़ रही होती है, ठीक उसी समय डिजायर चला रहे हिमांशु कार से नियंत्रण खो बैठते हैं. जिसके बाद डिजायर जिसका नंबर GJ38 BC 1018 है, जो तेज रफ्तार में होती है वह पूरी तरह घूम जाती है. कार का बोनट उस दिशा में घूम जाता है, जिस तरफ से कार आ रही होती है.
शुरू हुआ एक के बाद एक टक्कर का सिलसिला
इसके बाद बेकाबू डिजायर कुछ दूर सर्विस रोड पर खड़ी इनोवा से जा टकराती है. डिजायर की टक्कर इतनी जोरदार होती है कि इनोवा को सिर्फ नुकसान ही नहीं होता पर उसके आगे खड़ी i20 कार से इनोवा जा टकराती है, तो वही दूसरी तरफ डिजायर इनोवा को टक्कर मारने के बाद सड़क के दूसरे हिस्से में खड़ी BMW कार से जा टकराती है. इस दौरान BMW कार को जो झटका लगता है, इससे उसके पास खड़ा टू व्हीलर सड़क पर गिर जाता है.
तेज रफ़्तार डिजायर कार जिस अंदाज से सड़क पर इनोवा से जा टकराती है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगर कार किसी पैदल चलने वाला शख्स या टू व्हीलर सवार से टकराती तो उसकी क्या हालत होती. तेज रफ्तार डिजायर से इनोवा, i20, BMW कार को अच्छा नुकसान पहुंचा है.
अस्पताल से फरार हो गया आरोपी
हादसे में डिजायर का ड्राइवर हिमांशु घायल हुआ, जिसे तुरंत ही आसपास के लोगो ने अस्पताल पहुंचाया लेकिन हिमांशु चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया.
इस पूरे हादसे को लेकर ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि, डिजायर कार अमराईवाड़ी में रहने वाला हिमांशु चला रहा था. हिमांशु डिजायर अपने दोस्त से मांगकर लाया था. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है. हिमांशु को स्थानीय लोगो ने दुर्घटना के बाद तुरंत अस्पताल पहुंचाया था, जो की इलाज के दौरान सबको चकमा देकर फरार हुआ है. जल्द ही हिमांशु को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.