scorecardresearch

Agra: परिवार को लौटाया प्यारा तोता... लेकिन पहले ढका चेहरा, फिर लिया इनाम... साथ ही दे दी धमकी भी

आगरा के परिवार का खोया तोता मऊ उनके पास लौट आया है. परिवार का कहना है कि एक युवक ने वीडियो कॉल पर उन्हें मऊ दिखाया, जिसके बाद पुष्टी हुई औऱ परिवार ने ईनाम की रकम दी.

मऊ परिवार के साथ मऊ परिवार के साथ

आगरा में छह दिन से लापता पालतू तोता 'माऊ' आखिरकार अपने परिवार के पास लौट आया. उसकी तलाश में परिवार ने पूरे शहर में होर्डिंग लगवाए थे और उसे खोजकर लाने वाले के लिए 50 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी. लेकिन कहानी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर दावा किया कि माऊ उसके पास है और उसे वापस लेने के लिए 50 हजार रुपए देने होंगे.

चेहरा पर कपड़ा बांध, लौटाया तोता... लेकिन दी धमकी

आवास विकास कान्हाजी रेजीडेंसी निवासी और इनकम टैक्स अधिवक्ता सुनील सिंह ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें एक कॉल आया. जिसके एक व्यक्ति ने मऊ का उसके पास होने का दावा किया. पहले उन्हें शक हुआ, इसलिए उन्होंने वीडियो कॉल पर तोता दिखाने को कहा. वीडियो कॉल में माऊ ने उन्हें देखते ही पहचान ली. इसके बाद वह शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे, जहां चेहरे पर कपड़ा बांधे एक व्यक्ति ने 50 हजार रुपए लेकर माऊ उन्हें सौंप दिया.

सुनील का कहना है कि उस व्यक्ति ने उन्हें धमकी भी दी थी कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो तोता वापस नहीं मिलेगा. इसी डर से उन्होंने पहले किसी को इसकी जानकारी नहीं दी.

परिवार में वापस लौटी खुशी

माऊ के घर लौटते ही पूरा परिवार भावुक हो गया. सामने आए वीडियो में माऊ अपनी मालकिन ममता सिंह के कंधे पर बैठा नजर आता है. वह एक-एक कर परिवार के सभी सदस्यों के नाम पुकारता है. परिवार ने उसकी पसंद का देशी घी का डोसा और फल खिलाकर स्वागत किया.

ममता सिंह ने कहा, 'माऊ के लौटने की खुशी वैसी ही है, जैसे किसी मां का खोया हुआ बच्चा वापस मिल जाए. पिछले छह दिन से घर में कोई खुश नहीं था. अब माऊ मेरी गोद से उतर ही नहीं रहा.'

बेटी सृष्टि ने बताया कि माऊ सिर्फ पालतू पक्षी नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य है. वह दिल्ली, मथुरा, वृंदावन और कई धार्मिक यात्राओं में भी उनके साथ जा चुका है. घर में बिना पिंजरे के रहता है और उसके लिए एसी वाला अलग कमरा बनाया गया है. 15 मार्च को उसका जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया था.

तलाश के दौरान आए फर्जी कॉल भी

माऊ की तलाश के दौरान परिवार को फर्जी कॉल्स का भी सामना करना पड़ा. करीब 150 लोगों ने अलग-अलग तोतों के वीडियो भेजकर इनाम लेने की कोशिश की, जबकि कई लोगों ने एडवांस पैसे भी मांगे. परिवार के पास लगभग 1500 फोन कॉल आए.

दरअसल, 13 जुलाई को तेज आंधी के दौरान माऊ उड़ गया था. इसके बाद परिवार ने शहरभर में पोस्टर और होर्डिंग लगाकर उसकी तलाश शुरू की थी. माऊ इंडियन रिंगनेक नस्ल का तोता है, जो इंसानों की आवाज़ की नकल करने और अपने मालिकों को पहचानने के लिए जाना जाता है. अब माऊ लौट आया है और उसके साथ लौट आई हैं इस परिवार की मुस्कानें भी.