scorecardresearch

Arah News: 3 लाख कैश, 11 प्लॉट और करोड़ों की संपत्ति के मिले दस्तावेज, आरा में परिवहन विभाग के SI के ठिकानों पर EOU की रेड 

आरा में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर EOU की रेड में 3 लाख कैश, 11 प्लॉट और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं. EOU के DSP ने कहा कि प्रारंभिक जांच में अमित कुमार गुप्ता के पास करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपए की आय से अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं.आय से अधिक संपत्ति मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई जारी है. 

Advertisement
परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर EOU की रेड परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर EOU की रेड

बिहार  के आरा में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर EOU की बड़ी कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में अमित कुमार गुप्ता के आरा और पटना स्थित ठिकानों पर करीब 10 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया. फिलहाल वे कैमूर के मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात बताए जा रहे हैं. 

EOU के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरा के अवधपुरी स्थित आवास से 3 लाख रुपए नकद और एक TATA Tiago इलेक्ट्रिक कार मिली. इसके अलावा जमीन, मकान, फ्लैट, बैंक खातों और दूसरे वित्तीय निवेश से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं.  सबसे अहम बात यह है कि जांच एजेंसी को आरा, पटना और छपरा में कुल 11 भू-खंडों की खरीद से जुड़े दस्तावेज मिले हैं. आरा में करीब 5.1 डिसमिल जमीन पर निर्माणाधीन मकान, अवधपुरी में G+3 मकान और पटना के साई वरदान सिटी में फ्लैट से संबंधित कागजात भी जांच के दायरे में हैं. जांच का दायरा बिहार से बाहर तक पहुंचा है. नोएडा की इम्पेरिया इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड और नई दिल्ली की ऐरविल बिजनेस पार्क प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े फ्लैट और जमीन निवेश के रिकॉर्ड भी मिलने की बात EOU ने कही है.

15 बैंक खातों की पासबुक और चेकबुक भी मिले 
तलाशी में 15 बैंक खातों की पासबुक और चेकबुक से संबंधित दस्तावेज मिले हैं. EOU के अनुसार, इन खातों में मौजूद राशि को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है. एक बैंक लॉकर की जानकारी भी मिली है, जिसकी तलाशी अभी बाकी बताई जा रही है. इसके साथ ही 30 लाख रुपए से अधिक के शेयर और म्यूचुअल फंड निवेश, जबकि LIC से जुड़े सात दस्तावेज और 10 लाख रुपए से अधिक के निवेश की जानकारी मिलने का दावा किया गया है. आभूषणों की खरीद से जुड़ी रसीदें भी जांच टीम को मिली हैं.

आय से अधिक संपत्ति के मिले साक्ष्य
जांच में अधिकारी के बच्चों की शिक्षा पर होने वाले खर्च को भी शामिल किया गया है. EOU के अनुसार, एक बेटा दार्जिलिंग के आवासीय स्कूल में पढ़ता है, जबकि बेटी कोटा में NEET की तैयारी कर रही है. अब स्कूल, हॉस्टल, कोचिंग और अन्य खर्चों का भी ज्ञात आय से मिलान किया जाएगा. EOU के DSP के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में अमित कुमार गुप्ता के पास करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपए की आय से अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं. एजेंसी ने इसे उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक बताया है. इसी आधार पर EOU थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ रही है. हालांकि, EOU की ओर से सामने रखे गए ये प्रारंभिक जांच के निष्कर्ष और दावे हैं. जमीन, बैंक खाते, निवेश, लॉकर और दूसरे दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही आय से अधिक संपत्ति की अंतिम स्थिति और राशि स्पष्ट होगी. फिलहाल EOU की जांच में 11 प्लॉट, मकान-फ्लैट, 15 बैंक खाते, बैंक लॉकर, शेयर-म्यूचुअल फंड, LIC निवेश, वाहन, आभूषण और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड जांच के केंद्र में हैं. जैसे-जैसे दस्तावेजों और लॉकर की जांच आगे बढ़ेगी, इस मामले में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.