scorecardresearch

भाजपा के अत्याचारों के आगे नहीं झुकेगा पंजाब, बोले केजरीवाल.. कहा कि संजीव अरोड़ा नहीं हुए BJP में शामिल तो चल रही ED-CBI रेड

केजरीवाल का कहना कि पंजाब ही भाजपा और ईडी के बीच अनैतिक गठजोड़ को खत्म करेगा. बोले कि अशोक मित्तल के भाजपा में शामिल होते ही रेड बंद हुई, लेकिन संजीव अरोड़ा ने इन्कार कर दिया तो फिर से रेड.

Arvind Kejriwal Arvind Kejriwal

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड पड़ने पर भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ईडी के सहारे भाजपा और मोदी जी ने पंजाब को ललकारा है. पंजाब न पहले झुका था और न अब झुकेगा. पंजाब ही भाजपा और ईडी के बीच अनैतिक गठजोड़ को खत्म करेगा. पंजाब ने औरंगजेब को भी जवाब दिया था और अब 2027 के चुनाव में मोदी जी को भी जवाब देगा. उन्होंने कहा कि अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा के घर एक साथ ईडी की रेड हुई थी. अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए तो रेड बंद हो गई, लेकिन संजीव अरोडा ने इन्कार कर दिया तो फिर से रेड हो गई.

ईडी और सीबीआई ने बदला अपना काम
शनिवार को अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है. ईडी का काम है कि देश के अंदर अगर कहीं मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है, तो उसको रोकना और उसकी जांच करना. अगर इस मकसद से ईडी अपनी कार्रवाई करे, तो हमें कोई परेशानी नहीं है. लेकिन अब सीबीआई भ्रष्टाचार को रोकने के लिए काम नहीं करती और न ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए काम करती है. वे सिर्फ और सिर्फ दूसरी पार्टियों को तोड़ने, उनके नेताओं को डराने-धमकाने और उन्हें भाजपा में शामिल कराने का काम करती हैं.

रेड से संजीव अरोड़ा को तोड़ने की कोशिश
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शनिवार सुबह से संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है, यह भी उसी दिशा में एक कार्रवाई है. संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी कोई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच करने नहीं आई है. संजीव अरोड़ा के यहां पिछले एक महीने के अंदर ईडी की यह दूसरी रेड है. इससे पहले 17 अप्रैल को ईडी आई थी और संजीव अरोड़ा के गुड़गांव, लुधियाना व दिल्ली के सभी ठिकानों पर रेड की. ये रेड तीन दिन चली. उन तीन दिनों की रेड में ईडी को क्या नहीं मिला, जो आज ढूंढने आए हैं. उसी वक्त अशोक मित्तल के यहां रेड हुई थी. उनके यहां भी तीन दिन रेड चली और उस रेड के बाद अशोक मित्तल ने भाजपा ज्वाइन कर ली. इसके बाद उनके यहां रेड खत्म हो गई और उनका सारा मामला रफा-दफा हो गया.

बंगाल चुनाव के बाद पंजाब रडार पर
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी खासतौर पर पंजाब को टारगेट कर रहे हैं. पंजाब के लोगों के साथ धक्का, नाइंसाफी और अन्याय किया जा रहा है. पंजाब के लोगों को कुचलने की कोशिश की जा रही है. पिछले 4 साल में मोदी जी ने पंजाब में पहले तीन काले कानून लाने की कोशिश की, लेकिन पंजाब के किसानों के विरोध के सामने मोदी जी को झुकना पड़ा. पिछले चार साल से ग्रामीण विकास का हजारों करोड़ रुपया, जिससे मंडियों और गांव-गांव की सड़कें बननी होती हैं, वह प्रधानमंत्री जी ने रोक दिया. पंजाब की पंजाब यूनिवर्सिटी को टेकओवर करने की कोशिश की गई. 

अब पिछले कुछ दिनों से रोज बस एक ही खबर है कि आज ईडी ने यहां रेड कर दी, आज वहां रेड कर दी. जैसे ही बंगाल के चुनाव खत्म हुए, दिल्ली से ईडी की पूरी की पूरी टीम पंजाब के अंदर आ गई है. इनका मकसद कोई काला पैसा या मनी लॉन्ड्रिंग ढूंढना नहीं है.

जिनपर लगाएं आरोप, आज वही बने नेता
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज से 10 साल पहले प्रधानमंत्री जी ने खुद अपने भाषण में शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए थे. किसी देश का प्रधानमंत्री किसी के खिलाफ संगीन आरोप लगाए, तो यह छोटी बात नहीं है. किसी ऐरे-गैरे, भाजपा के किसी प्रवक्ता या छोटे नेता ने आरोप नहीं लगाए थे, बल्कि भारत के प्रधानमंत्री ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ आरोप लगाए थे. आज प्रधानमंत्री जी खुद उन्हें अपने हाथ से मुख्यमंत्री की शपथ दिला कर आए हैं. अमित शाह ने हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए थे, उनको भी इन्होंने असम का मुख्यमंत्री बना दिया. अजित पवार के खिलाफ प्रधानमंत्री ने खुद भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और उसके छह दिन के अंदर उनको महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बना दिए.