Amrit Bharat Express
Amrit Bharat Express
रामनगरी अयोध्या से मायानगरी मुंबई तक यात्रा अब पहले से कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो गई है. अयोध्या और मुंबई के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. खासतौर पर श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा बेहद लाभकारी साबित होगी, जो बड़ी संख्या में अयोध्या और मुंबई के बीच यात्रा करते हैं.
इस महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से वर्चुअल माध्यम के जरिए हरी झंडी दिखाकर किया. इसके शुरू होने से अयोध्या से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक सीधी रेल कनेक्टिविटी को नया आयाम मिला है.
12 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
अमृत भारत एक्सप्रेस अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से शाम 5.45 बजे रवाना होती है और लगभग 26 घंटे का सफर तय कर लोकमान्य तिलक टर्मिनस, मुंबई पहुंचती है. यात्रा के दौरान यह ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल और नासिक सहित कुल 12 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करती है.
साप्ताहिक आधार पर संचालन
फिलहाल इस ट्रेन का संचालन साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा. इससे न केवल नियमित यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. अयोध्या में बढ़ते धार्मिक महत्व को देखते हुए यह ट्रेन सेवा काफी अहम मानी जा रही है.
इस अवसर पर अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता भी मौजूद रहे. उल्लेखनीय है कि इस ट्रेन की मांग पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर की गई थी, जिसके बाद अब यह सुविधा शुरू हो सकी है. नई ट्रेन सेवा से अयोध्या और मुंबई के बीच दूरी कम होने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी. यह पहल उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
रिपोर्टर: मयंक शुक्ला
ये भी पढ़ें: