scorecardresearch

Banka News: पत्नी ने शराब पीने से मना किया... तो पति ने फांसी लगाकर दे दी जान... वाइफ ने लंबी उम्र के लिए रखा था करवा चौथ का व्रत... घर में मचा कोहराम

जिस पति की लंबी आयु के लिए पत्नी ने करवा चौथ का व्रत रखा था, उसी पति ने शराब पीने से मना करने पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है. यह मामला बिहार के बांका जिले का है. इस वारदात के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
Symbolic Photo Symbolic Photo

बिहार के बांका जिले के जमदाहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत नैयासी टोला सरुआ गांव में गुरुवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिले के पूर फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दौरे खास गांव निवासी सूरजपाल माली के पुत्र सत्यवान माली के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.

शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, सत्यवान माली की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व जमदाहा ओपी क्षेत्र के नैयासी टोला सरुआ गांव निवासी सीताराम मंडल की पुत्री आरती देवी के साथ हुई थी. दंपती के दो बच्चे हैं. बताया जाता है कि बीते 21 अक्टूबर को सत्यवान अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ ससुराल आया था. परिजनों के अनुसार, गुरुवार को शराब पीने को लेकर सत्यवान और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी. इस दौरान उसकी पत्नी करवाचौथ का व्रत कर रही थी. देर शाम भी शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. इसके बाद सत्यवान गुस्से में अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. कमरे में उसने साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली.

दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे ग्रामीण
काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने सत्यवान को आवाज लगाकर दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया. मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो सत्यवान को फंदे से लटका पाया. आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया ले जाया गया.

डॉक्टर ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच शुरू
कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने जांच के बाद सत्यवान को मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर कटोरिया पुलिस स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और घटना की जानकारी ली. इसके बाद जमदाहा ओपी पुलिस को भी सूचना दी गई. सूचना मिलते ही जमदाहा ओपी अध्यक्ष आसिफ अख्तर पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

(दीपक कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें