मंच के नीचे से हवाई फायरिंग करता युवक
मंच के नीचे से हवाई फायरिंग करता युवक
बेगूसराय में दुर्गा पूजा मेला के दौरान बजा 'मुन्नी बदनाम हुई' गाना. जिसके बाद आर्केस्ट्रा महिला डांसर ने शुरू किया डांस. इसी दौरान मंच के नीचे खड़े एक युवक ने पिस्टल लहरा कर हवाई फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग के दौरान आसपास के लोग जुट गए और फायरिंग करने वाले युवक की पकड़ कर लात-घूसों और लाठी-डंडे से बेहरमी से पिटाई कर दी.
पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वीडियो में देखा जा सकता है कि किस कदर महिला गाने पर डांस कर रही है. और इसी दौरान मंच के नीचे एक युवक कुछ लोगों के साथ धक्का-मुक्की की, और उसके बाद पिस्तौल निकाल कर हवा में फायरिंग की. जिसके बाद लोग उग्र हो गए और उस युवक की पकड़ कर लाठी-डंडे लात-घूसों से पिटाई कर दी.
पुलिस के हवाले किया युवक
पिटाई के बाद घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी युवक के पास से पिस्तौल और कारतूस बरामद किया है. पूरी घटना नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के चितरंजन चौक स्थित सार्वजनिक दुर्गा स्थान परिसर की है.
बताया जाता है कि नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के चितरंजन चौक स्थित सार्वजनिक दुर्गा स्थान में मेला परिसर में 21 अक्टूबर को विजयदशमी के मौके पर आर्केस्ट्रा डांस का प्रोग्राम का आयोजन किया गया था. जहां रात में महिला डांसर मुन्नी बदनाम हुई गाना पर डांस कर रही थी. इसी दौरान मंच के सामने चांदपुरा गांव निवासी वैद्यनाथ सिंह के पुत्र जीतन कुमार उर्फ जीतू हाथ में हथियार लेकर लहराने लगा, जिसे आसपास के लोग रोकने लगे तो उसने हवा में फायरिंग कर दी.
आखिर क्यों चलाई गोली?
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. इसके बाद स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और गोली चलाने वाले युवक को पकड़ लिया. गुस्साए ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि गोली चलाने के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी यह स्पष्ट नहीं हुआ है.
कट्टा और पांच कारतूस बरामद
गिरफ्तार युवक के पास से एक कट्टा और पांच कारतूस बरामद किया है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रहीं है कि गोली चलाने की घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
साथ ही मेला परिसर में हथियार पहुंचने पर भी सवाल उठ रहा है कि सार्वजनिक दुर्गा स्थान में मेला परिसर में युवक हथियार लेकर पहुंच जाता है. जहां सैकड़ो लोगों के भीड़ है और वहां फायरिंग की जाती है. जबकि हर पूजा पंडाल और मेल परिसर में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस की तैनाती की गई थी, तो अब सवाल उठता है कि इस मेल में आर्केस्ट्रा डांस का प्रोग्राम किया गया था सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी सैकड़ो लोगों की भीड़ थी इसके बावजूद आरोपी हथियार के साथ ना सिर्फ पहुंचा बल्कि फायरिंग भी की.