भागलपुर की लव स्टोरी का सच
भागलपुर की लव स्टोरी का सच
सोशल मीडिया पर पिछले दो दिनों से वायरल हो रही 'रूसी लव स्टोरी' की कहानी की सच्चाई सामने आने के बाद इसके दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं. वीडियो को भागलपुर के राहुल यादव और रूस की युवती जूली की प्रेम कहानी बताकर प्रचारित किया जा रहा था. दावा किया जा रहा था कि विदेशी युवती अपने प्रेमी से मिलने भागलपुर के राजापुर गांव पहुंची है और दोनों नवंबर में शादी करने वाले हैं. हालांकि, वीडियो की पड़ताल में जो तथ्य सामने आए हैं, वह सुनकर हर कोई हैरान है. सबसे पहले आपको बदा दें कि कहानी में बताई गई युवक और युवती की पहचान सही नहीं है. उनके प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर किए जा रहे दावे भी झूठे निकले.
न युवक भागलपुर का, न युवती रूसी नागरिक
वायरल वीडियो में जिस युवक को भागलपुर का राहुल यादव बताया जा रहा है, उसकी असल पहचान पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड के गढ़बनैली गांव की है. उसका असल नाम नमित कुमार है. वहीं, जिस युवती को रूस की नागरिक बताया जा रहा था उसका नाम 'जूली' नहीं है. मिली जानकारी के मुताबिक, युवती का असल नाम एंड्रिया कोनोली है और वह ब्रिटेन की नागरिक है. इस तरह वीडियो के साथ प्रचारित की जा रही कहानी में दोनों की पहचान को लेकर ही गलत जानकारी दी गई थी.
शादी नहीं एनजीओ के काम से आई थी बिहार
जानकारी के अनुसार, एंड्रिया कोनोली पूर्णिया जिले के कसबा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन में एक सामाजिक कार्यक्रम के सिलसिले में पहुंची थीं. यहां एक सामाजिक संस्था की ओर से आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बकरियां बांटी जा रही थीं. इसी कार्यक्रम की वीडियोग्राफी करने के लिए नमित कुमार अपनी कैमरा टीम के साथ वहां मौजूद था. कार्यक्रम के दौरान नमित ने विदेशी युवती के साथ एक वीडियो शूट किया था. बाद में उसने इसे अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपलोड कर दिया. आरोप है कि कुछ सोशल मीडिया पेजों ने इसी वीडियो को अलग कहानी के साथ प्रसारित करना शुरू कर दिया और देखते-देखते मामला वायरल हो गया
छह महीने के विरह से नवंबर में शादी तक के दावे
वीडियो वायरल होने के बाद इसके साथ कई तरह की बातें जोड़ी गईं. दावा किया जाने लगा कि युवती छह महीने तक प्रेमी से दूर रहने के बाद उससे मिलने भारत आई है. कहानी में युवक के टूटे-फूटे घर, गुलाब देकर प्यार जताने और दोनों परिवारों की सहमति से नवंबर में शादी होने जैसी बातें भी शामिल कर दी गईं थी. इन दावों के चलते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया. हालांकि सभी दावे फर्जी निकल रहे हैं.
नमित कुमार ने बताई वीडियो की असली वजह
वायरल वीडियो में दिख रहे नमित कुमार ने खुद सामने आकर पूरी घटना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया, 'मेरा नाम नमित कुमार है. मेरा घर पूर्णिया जिले के गढ़बनैली गांव में है. वीडियो गलत तरीके से बनाया गया है. वे लोग एनजीओ के माध्यम से आए थे. मैं वहां कैमरा लेकर गया था और मेरा स्टाफ वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. इसी दौरान साथ में वीडियो आ गया, जो वायरल हो गया. किसी ने फेक न्यूज बनाकर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वे लोग अपने काम से आए थे. इस वीडियो से मेरा कोई लेना-देना नहीं है.'
नमित कुमार के बयान और वीडियो की पृष्ठभूमि सामने आने के बाद 'रूसी लव स्टोरी' को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल उठे हैं. जिस वीडियो को सच्चे प्यार की कहानी बताकर पेश किया जा रहा था, वह दरअसल एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान बनाया गया था.
ये भी पढ़ें