Exhibition of 152 varieties of mangoes
Exhibition of 152 varieties of mangoes
गर्मी का मौसम आते ही आम की मिठास लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगती है. इसी मिठास को और करीब से महसूस कराने के लिए भोपाल के जवाहर बाग में आम महोत्सव का आयोजन किया गया है. करीब 50 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैले इस आम महोत्सव में 150 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं. खास बात यह है कि यहां देश ही नहीं, बल्कि विदेशों की कई दुर्लभ प्रजातियां भी लोगों को देखने और जानने का मौका दे रही हैं.
जापान के मियाजाकी आम ने बटोरी सुर्खियां
इस बार महोत्सव में सबसे ज्यादा चर्चा जापान के मशहूर मियाजाकी आम की हो रही है. गहरे लाल रंग का यह आम दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिना जाता है. प्रदर्शनी में इसकी कीमत करीब 1000 रुपये प्रति किलो रखी गई है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की बात कही जाती है. आम प्रेमी इस खास किस्म को करीब से देखने और उसके बारे में जानकारी लेने के लिए उत्साहित नजर आए. इसकी मिठास, खुशबू और दुर्लभता इसे अन्य आमों से अलग बनाती है.
नूरजहां और सुंदरजहां भी बने आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में नूरजहां आम भी लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. बड़े आकार और खास स्वाद के लिए मशहूर यह आम वर्षों से प्रीमियम श्रेणी में गिना जाता है. इस प्रदर्शनी में इसकी कीमत 200 रुपए प्रतिकिलो रखे गए. इसके अलावा सुंदरजहां आम अपनी खूबसूरत बनावट और आकर्षक रंग की वजह से लोगों का ध्यान खींच रहा है. कई आगंतुकों ने इन दुर्लभ किस्मों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और इनके स्वाद के बारे में जानकारी ली.
शुगर फ्री आम को लेकर बढ़ी दिलचस्पी
इस बार महोत्सव में शुगर फ्री आम भी चर्चा का विषय बना हुआ है. आयोजकों के अनुसार यह किस्म विशेष रूप से उन लोगों को आकर्षित कर रही है जो स्वास्थ्य को लेकर जागरूक हैं. कई लोग इन आमों की विशेषताओं और उनके पोषण मूल्य के बारे में जानकारी लेते दिखाई दिए. इसके अलावा अल्फांसो, जाफरान, चौसा, लंगड़ा और कई अन्य लोकप्रिय किस्में भी प्रदर्शनी में मौजूद हैं, जिन्हें खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है.
आईपीएस अधिकारी भी पहुंचे आम खरीदने
आम महोत्सव में आईपीएस अधिकारी हरिनारायण मिश्र भी पहुंचे. उन्होंने कहा कि आम को फलों का राजा यूं ही नहीं कहा जाता. स्वाद के साथ-साथ इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी है. उन्होंने बताया कि रास्ते से गुजरते समय जब आम महोत्सव देखा तो परिवार के लिए आम खरीदने पहुंच गए.
किसानों और कारोबारियों को भी मिल रहा फायदा
कई वर्षों से आम के बागों की देखभाल कर रहे हबीब खान ने बताया कि इस बार 150 से ज्यादा किस्मों को प्रदर्शित किया गया है. वहीं आम कारोबारी अब्बास खान के अनुसार, महोत्सव लोगों को दुर्लभ प्रजातियों से परिचित कराने के साथ-साथ किसानों और उत्पादकों को बेहतर बाजार भी उपलब्ध कराता है.
आम प्रेमियों के लिए खास अनुभव
भोपाल का यह आम महोत्सव केवल खरीदारी का केंद्र नहीं, बल्कि आम की विविधता, खेती और स्वाद की दुनिया को करीब से जानने का मौका भी दे रहा है. यही वजह है कि शहर के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोग भी बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं.
(रिपोर्ट- धर्मेंद्र साहू)
ये भी पढ़ें