scorecardresearch

Bihar Cabinet Expansion: किस जाति के कितने मंत्री? सम्राट चौधरी कैबिनेट का जातिगत समीकरण समझिए

बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट का विस्तार हुआ है. 32 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली. इसमें बीजेपी कोटे से 15, जेडीयू कोटे से 13, एलजेपीआर से 2 के साथ HAM और आरएलएम के एक-एक मंत्री शामिल हैं. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी सम्राट कैबिनेट में शामिल हुए हैं.

Bihar Cabinet Expansion Bihar Cabinet Expansion

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है. 32 मंत्रियों ने शपथ ली. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत भी शामिल हैं. इसमें कैबिनेट विस्तार में बीजेपी की तरफ से 15 मंत्री और जेडीयू की तरफ से 13 मंत्रियों ने शपथ ली है. इसमें विजय सिन्हा से लेकर श्रेयसी सिंह तक का नाम शामिल है. सम्राट कैबिनेट में किस जाति के कितने मंत्रियों को शामिल किया गया है. चलिए आपको बताते हैं.

किस जाति के कितने मंत्री?
कैबिनेट विस्तार में 32 मंत्रियों ने शपथ ली है. अब सरकार में सम्राट सरकार में बीजेपी के 15 मंत्री, जेडीयू के 15 मंत्री, एलजेपी के 2 के साथ HAM और आरएलएम के एक-एक मंत्री हो गए हैं.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद कोइरी जाति से आते हैं. उनके डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भूमिहार जाति से आते हैं. जबकि दूसरे डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ओबीसी जाति से आते हैं.

राजपूत समुदाय से 4 मंत्री-
सम्राट चौधरी की सरकार में 4 मंत्री राजपूत समुदाय से हैं. इसमें बीजेपी के संजय टाइगर और श्रेयसी सिंह का नाम शामिल है. जबकि जेडीयू की तरफ से लेसी सिंह मंत्रिमंडल में शामिल है. एलजेपीआर की तरफ से संजय सिंह को कैबिनेट में जगह मिली है.

सम्राट सरकार में 3 भूमिहार मंत्री-
सम्राट चौधरी की सरकार में 3 भूमिहार मंत्री शामिल है. इसमें जेडीयू की तरफ से डिप्टी सीएम विजय चौधरी का नाम शामिल है. इसके अलावा बीजेपी के दिग्गज भूमिहार लीडर विजय कुमार सिन्हा और ई कुमार शैलेंद्र का नाम शामिल है.

कैबिनेट में 2 ब्राह्मण मंत्री-
सम्राट चौधरी कैबिनेट में 2 ब्राह्मण मंत्री भी शामिल हैं. दोनों ब्राह्मण मंत्री बीजेपी के कोटे से हैं. इसें मिथिलेश तिवारी और नीतीश मिश्रा का नाम शामिल है.

कुर्मी और कुशवाहा मंत्री-
सीएम सम्राट चौधरी खुद कुशवाहा (कोइरी) जाति से हैं. उनके अलावा सरकार में 2 और कुशवाहा मंत्री हैं. इसमें उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश और जेडीयू कोटे से भगवान सिंह कुशवाहा शामिल हैं. 

सम्राट चौधरी सरकार में कुर्मी जाति से दो मंत्री शामिल हैं. इसमें पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और जेडीयू कोटे से ही श्रवण कुमार का नाम शामिल है.

पिछड़ा जाति से मंत्री-
कोइरी और कुर्मी जाति के अलावा पिछड़ा वर्ग से 5 और मंत्री बने हैं. इसमें जेडीयू कोटे से डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव भी शामिल हैं. उनके अलावा बीजेपी से रामकृपाल यादव, वैश्य जाति से आने वाले दिलीप जायसवाल, अरुण शंकर प्रसाद और श्वेता गुप्ता भी मंत्रिमंडल में शामिल हैं.

कैबिनेट में अति पिछड़ा मंत्री-
सम्राट चौधरी कैबिनेट में अति पिछड़ा समाज से 8 मंत्री शामिल हैं. इसमें बीजेपी कोटे और जेडीयू कोटे से 4-4 मंत्री शामिल हैं. बीजेपी की रमा निषाद, केदार गुप्ता, प्रमोद चंद्रवंशी और रामचंद्र प्रसाद शामिल हैं. जबकि जेडीयू कोटे से मदन सहनी, दामोदर रावत, बुलो मंडल और शीला मंडल शामिल हैं.

दलित समुदाय से 7 मंत्री-
सम्राट चौधरी कैबिनेट में दलित समुदाय से 7 मंत्री शामिल हैं. इसमें बीजेपी के 2, जेडीयू के 3 के साथ एलजेपीआर और HAM एक-एक मंत्री शामिल हैं. बीजेपी की तरफ से लखेंद्र पासवान और नंद किशोर राम को कैबिनेट में जगह दी गई है. जबकि जेडीयू की तरफ से सुनील कुमार, रत्नेश सदा और अशोक चौधरी मंत्री बने हैं. एलजेपीआर ने संजय पासवान और HAM पार्टी ने संतोष कुमार सुमन को मंत्री बनाया है.
सम्राट सरकार में मुस्लिम समुदाय से एकमात्र मंत्री जमा खान को शामिल किया गया है.

ये भी पढ़ें: