scorecardresearch

UP Assembly Election 2027: भाजपा सांसद अमरपाल मौर्य का सपा पर तीखा हमला, बोले- 2027 में जनता करेगी समाजवादी पार्टी का 'पिंडदान'

लखनऊ पहुंचे बीजेपी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने समाजवादी पार्टी को लेकर कुछ ऐसा कह डाला, जिससे सियासत गरमा गई. उन्होंने कहा कि 2027 चुनाव में उत्तर प्रदेश के पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के लोग सपा का 'पिंडदान' कर देंगे. वहीं अखिलेश यादव के ओर से भी बयान बाजी लगातार जारी है. उन्होंने भाजपा को घेरते हुए जोरदार हमला बोला है.

Advertisement
राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य

लखनऊ में यूपी चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज होती जा रही है. दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं. इसी बीच लखनऊ पहुंचे बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला.

अमरपाल मौर्य ने सपा पर साधा निशाना
अमरपाल मौर्य ने कहा कि 2017 में उत्तर प्रदेश के पिछड़े और अति पिछड़े गरीब लोगों ने समाजवादी पार्टी के गुंडाराज को जमीन में दफनाने का काम किया था. उन्होंने कहा कि 2022 में भी इसी संकल्प को दोहराते हुए लोगों ने समाजवादी पार्टी को गंगा जी में ले जाकर पूरा प्रवाहित करने का काम किया.

2027 को लेकर भी किया बड़ा दावा
अमरपाल मौर्य ने 2027 के चुनाव को लेकर भी सपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के उत्तर प्रदेश के लोगों का संकल्प है कि गया जी ले जाकर समाजवादी पार्टी का पूरा पिंडदान करके छोड़ेंगे, ताकि उत्तर प्रदेश में इनका भूत भी दिखाई न दे.

मौर्य ने अपने बयान में पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग को लेकर बीजेपी सरकार की नीतियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देश के अंदर एक अति पिछड़े गरीब का बेटा प्रधानमंत्री के रूप में बैठा है, जो पिछड़े और अति पिछड़े वंचितों के लिए जीवन जीता है. उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार भारतीय जनता पार्टी की सरकार चल रही है.

अखिलेश यादव भी बीजेपी को घेर रहे
वहीं, दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से भी बीजेपी पर बयानबाजी जारी है. अखिलेश यादव बीजेपी को जेपीएनआईसी के मुद्दे पर घेरते नजर आ रहे हैं. इस मुद्दे को लेकर दोनों दलों के बीच सियासी वार-पलटवार का दौर जारी है.

चुनाव से पहले बढ़ेगी सियासी गर्मी
उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आएगा, बीजेपी और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं. फिलहाल एक तरफ अमरपाल मौर्य ने सपा पर तीखा हमला बोला है, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव जेपीएनआईसी के मुद्दे को लेकर बीजेपी को घेर रहे हैं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में सियासी बयानबाजी का यह सिलसिला किस दिशा में जाता है और चुनावी मैदान में कौन सा दल अपने विरोधी पर भारी पड़ता हुआ नजर आता है.

(इनपुट- समर्थ श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें