काले हिरण
काले हिरण
उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड इलाके से एक बहुत ही अच्छी खबर आई है. दरअसल बुंदेलखंड की सूखी और बंजर धरती पर काले हिरणों के झुंड देखने को मिल रहे हैं. इस बात की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग बहुत खुश है. साथ ही लोगों में भी उत्साह है.
बुंदेलखंड इलाके के छोटे से जिले हमीरपुर में जंगल न के बराबर हैं. इसके बावजूद यहां के कुछ इलाकों में काले हिरणों की उछल-कूद देखने को मिल रही है. यहं सुबह शाम बड़ी तादात में काले हिरणों के झुंड सड़क किनारे खेतों पर देखने को मिलने लगे हैं.
लोग मान रहे हैं शुभ संकेत:
काले हिरणों को देखकर इलाके के लोग भी बहुत खुश हैं. यहां के लोग इसे इलाके के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं. वैसे तो किसी जानवर के आने से किसानों की समस्या बढ़ जाती है. लेकिन अभी तक किसान बहुत खुश नजर आ रहे हैं. और उन्होंने किसी तरह की शिकायत नहीं की है.
हालांकि हिरणों के झुंड से किसानों को होने वाले परेशानी के बारे में जब डीएफओ यू. सी रॉय से बात की गई तो उन्होंने कहा किहिरन हिरण फसल को नुकसान नहीं पहुंचाते हैं. हो सकता है कि जो फसल बोई गई है, उसकी ताज़ी निकली कोपल को हिरन घास के साथ खा रहे हों.
लेकिन फसल उजड़ेगी नहीं, बल्कि पैदावार ज़्यादा होगी. और हिरणों के लिए मुलायम चारा और पानी का जंगल में ही बेहतर बंदोबस्त किया जायेगा.
काले हिरण देखने आएंगे लोग:
इलाके में जिस तरह से काले हिरणों की बड़ी तादाद देखने को मिल रही है, उससे यह तो तय माना जा रहा है कि अब इस इलाके में लोग काले हिरणों के झुंड देखने के लिये आना शुरू हो जाएंगे. और सड़कों के किनारे खेतो में चौकड़ी भरते काले हिरणों के झुंड देख कर मनोरंजन करना शुरू कर देंगे.
(हमीरपुर से नाहिद अंसारी की रिपोर्ट)