scorecardresearch

मंडप में नशे में पहुंचा दूल्हा, लड़खड़ाता देख दुल्हन ने तोड़ दी शादी, परिवार ने भी बारात लौटाई, SP ने किया सम्मानित

शादी की रस्मों के दौरान दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन मुस्कान ने साफ कहा कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ अपना भविष्य नहीं जोड़ सकती. परिवार ने भी बेटी के फैसले का साथ दिया और बारात बिना दुल्हन के लौट गई.

Bride Refuses to Marry Drunk Groom Bride Refuses to Marry Drunk Groom
हाइलाइट्स
  • मुस्कान ने शराबी दूल्हे से शादी करने से मना किया

  • मंडप में नशे में पहुंचा दूल्हा

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक शादी उस समय टूट गई, जब दुल्हन ने मंडप में ही शराब के नशे में पहुंचे दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया. दुल्हन मुस्कान ने साफ कहा कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ अपना भविष्य नहीं जोड़ सकती, जो शादी जैसे अहम मौके पर भी नशे में हो. परिवार ने भी सामाजिक दबाव की परवाह किए बिना बेटी के फैसले का समर्थन किया. शादी रोक दी गई और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई. बाद में मुस्कान और उसके परिवार के इस फैसले की सराहना करते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने उन्हें सम्मानित किया.

शादी की रस्मों के बीच सामने आई दूल्हे की सच्चाई
यह मामला जिले के कोसमंदा गांव का है, जहां शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. मेहमान मौजूद थे और विवाह की रस्में चल रही थीं. इसी दौरान पता चला कि दूल्हा शराब के नशे में है. बताया गया कि उसकी हालत ऐसी थी कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. यह देखकर दुल्हन मुस्कान ने तुरंत विरोध जताया और शादी करने से मना कर दिया.

दुल्हन बोली- ऐसे व्यक्ति के साथ नहीं बिताऊंगी जिंदगी
मुस्कान ने परिवार और रिश्तेदारों के सामने साफ कहा कि शादी जीवन का सबसे महत्वपूर्ण फैसला होता है. ऐसे मौके पर नशे में पहुंचे व्यक्ति के साथ वह अपना भविष्य सुरक्षित नहीं मानती. उसने स्पष्ट शब्दों में शादी से इनकार कर दिया. परिवार ने भी बेटी के निर्णय को सही माना और विवाह की प्रक्रिया वहीं रोक दी.

पुलिस पहुंची, बिना विवाद लौट गई बारात
शादी रुकने के बाद कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई. किसी बड़े विवाद की नौबत नहीं आई और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई.

SP ने किया सम्मानित
घटना की जानकारी मिलने के बाद जांजगीर-चांपा के एसपी विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान और उसके परिवार को एसपी कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि शादी जैसे पवित्र अवसर पर नशा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने यह भी कहा कि हर बेटी को अपने जीवन और भविष्य से जुड़े फैसले लेने का पूरा अधिकार है.

ये भी पढ़ें