scorecardresearch

बहन को ससुराल पहुंचाने गया था भाई, घरवालों ने जबरन पकड़कर करा दी शादी

पूरी घटना के चर्चा में आने के बाद लड़के ने अपनी शादी से इनकार किया है. विनोद कुमार ने कहा है कि उसकी शादी जबरदस्ती कराई गई है. उसने अपनी मर्जी से ये शादी नहीं की है.

बहन को ससुराल पहुंचाने गए भाई की जबरन शादी बहन को ससुराल पहुंचाने गए भाई की जबरन शादी
हाइलाइट्स
  • बहन को ससुराल पहुंचाने गए भाई की घरवालों ने जबरन पकड़कर शादी करा दी. 

  • शादी का वीडियो इलाके में वायरल.

आपने बिहार में प्रचलित 'पकड़वा विवाह' के बारे में तो सुना ही होगा. बिहार के कुछ हिस्सों में ये पिछले काफी समय से चला आ रहा है. हालांकि समय बदलने के साथ इस प्रथा पर काफी रोक भी लगी है लेकिन अभी भी ये जारी है. इसे फोर्स मैरिज भी कहा जाता है क्योंकि इसमें इच्छा के बगैर जबरन शादी के लिए मजबूर किया जाता है. पकड़वा विवाह यानि ऐसी शादी जिसमें शादी योग्य लड़के का अपहरण करके उसकी जबरन शादी करवाई जाती है. उसे मार-पीट कर और डरा-धमकाकर शादी करा दी जाती थी. इस मुद्दे पर कुछ साल पहले एक टीवी सीरियल भाग्यविधाता भी आया था. ऐसा ही एक मामला समस्तीपुर में सामने आया है, जहां अपनी बहन को उसके ससुराल पहुंचाने गए भाई की घरवालों ने जबरन पकड़कर शादी करा दी. 

बिहार में पकड़वा शादी के बारे में आपने बहुत सुना होगा. लेकिन समस्तीपुर के सदर अनुमंडल क्षेत्र के मोरवा में हुई एक शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. हुआ यूं कि दूल्हा बना लड़का अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़ने गया था. वहां बहन की ननद की शादी को लेकर सालों से परेशान परिजनों को दूसरा रास्ता दिख नहीं रहा था. बाकी जगहों पर शादी के लिए भारी दहेज की मांग की जा रही थी. ऐसे में जैसे ही भाई अपनी बहन को ससुराल पहुंचाने गया, बहन के ससुराल वालों ने उसे पकड़ लिया और मंदिर में ले जाकर बहन की ननद के साथ शादी करा दी.

क्या है पूरा मामला?

दलसिंह सराय के साठा का रहने वाला युवक विनोद कुमार अपनी बहन को उसके ससुराल पहुंचाने गया था. इस दौरान बहन के ससुरालवालों ने युवक को पकड़ लिया और मोडवा खुदनेश्वर स्थान मंदिर लेकर चले गए. वहां लड़का कुछ समझ पाता तब तक उसे साफा पहनाकर लड़की को बिना दुल्हन के ड्रेस में उसके सामने खड़ा कर दिया. उसके बाद उससे जबरन वरमाला डलवाया और फिर लड़की की मांग में सिंदूर डलवा दिया. शादी का एक वीडियो भी इलाके में वायरल हो रहा है, जिसमें लड़के का जबरन हाथ पकड़कर वरमाला डलवाया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर लड़की उसके बगल में चुपचाप खड़ी दिख रही है. 

लड़के ने खारिज की शादी 

पूरी घटना के चर्चा में आने के बाद लड़के ने अपनी शादी से इनकार किया है. विनोद कुमार ने कहा है कि उसकी शादी जबरदस्ती कराई गई है. उसने अपनी मर्जी से ये शादी नहीं की है. लड़के ने कहा है कि वो इस शादी को स्वीकार नहीं करेगा और अपनी मर्जी से शादी करेगा. वहीं दूसरी ओर बहन के ससुराल वालों ने कहा है कि लड़का सब कुछ छुपा रहा है. परिजनों के मुताबिक लड़का अपनी बहन के साथ जब भी ससुराल आता था, उनकी बेटी से छुप-छुपकर मिलता था. दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था इसलिए परिवारवालों ने दोनों की शादी करा दी है. फिलहाल शादी के बाद दूल्हा दुल्हन को छोड़कर वहां से अपने गांव आ गया है और लड़की अपने परिवारवालों के पास है. घटना के बाद दोनों परिवारों में समझौते की बात चल रही है. वहीं लड़का इस तरह से की गई शादी से खुश नहीं होते हुए शादी से इनकार कर रहा है. हालांकि दोनों परिवार आपस में बातचीत कर मामले को सुलझाने में जुटे हैं.